देश

यूक्रेन के साथ जंग में रूस की तरफ से लड़ते हुए 10 भारतीयों की मौत, केंद्र ने सुप्रीम कोर्ट को दी जानकारी

Russia Ukraine War: केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को अवगत कराया कि रूस-यूक्रेन युद्ध में रूसी सेना की ओर से लड़ते हुए 10 भारतीयों की मौत हो चुकी है।

Image

सुप्रीम कोर्ट (फाइल फोटो)

Russia Ukraine War: केंद्र सरकार ने शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट को अवगत कराया कि रूस-यूक्रेन युद्ध में रूसी सेना की ओर से लड़ते हुए 10 भारतीयों की मौत हो चुकी है। प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति विपुल एम पंचोली की पीठ ने कहा कि स्थिति को ''सावधानीपूर्वक एवं कुशलतापूर्वक'' संभालने की आवश्यकता है, क्योंकि युद्ध क्षेत्र से शव वापस लाने में अत्यधिक कठिनाई हो सकती है।

केंद्र की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल (ASG) ऐश्वर्या भाटी ने 10 भारतीयों की मौत की जानकारी पीठ को दी। भाटी ने यह जानकारी उस याचिका की सुनवाई के दौरान दी, जिसमें रूस में कथित तौर पर हिरासत में लिए गए और युद्ध लड़ने के लिए मजबूर किए गए 26 भारतीयों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने का निर्देश सरकार को देने का अनुरोध किया गया है।

नौकरी का झांसा देकर ले गए रूस

याचिकाकर्ताओं का आरोप है कि उनके परिजनों को आकर्षक नौकरी का झांसा देकर रूस ले जाया गया, जहां उनके पासपोर्ट जब्त कर उन्हें युद्ध में शामिल होने के लिए मजबूर किया गया। एएसजी ने इस बात की पुष्टि की कि याचिका में नामित 26 लोगों में से 10 की मौत हो चुकी है, एक व्यक्ति आपराधिक आरोपों में जेल में है और एक ने स्वेच्छा से रूस में रहने का निर्णय लिया है।

संकट में फंसे नागरिक की सहायता के लिए सरकार प्रतिबद्ध

केंद्र ने कहा कि कुछ लोग धोखेबाज एजेंट द्वारा गुमराह किए गए थे, जबकि कई ने रूसी संस्थाओं के साथ "स्वैच्छिक अनुबंध" किए थे। एएसजी ने यह भी कहा कि विदेश मंत्रालय को शवों की वापसी में साजो-सामान संबंधी बाधाओं और कुछ परिवारों के असहयोग का भी सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा, ''सरकार संकट में फंसे हर नागरिक की सहायता के लिए प्रतिबद्ध है।''

भाटी ने कहा, ''एक मामले में हमने शव वापस लाने की व्यवस्था की, लेकिन परिवार ने (मंत्रालय से) तीन महीने तक उसे रोककर रखने को कहा, क्योंकि वे (परिजन) कानूनी कार्रवाई कर रहे हैं। इसमें कई जटिल मानवीय पहलू जुड़े हैं।''

याचिकाकर्ता के वकील ने क्या दी दलील

याचिकाकर्ताओं के वकील ने सरकार के 'स्वैच्छिक' सेवा के दावे को खारिज करते हुए इसे मानव तस्करी का स्पष्ट मामला करार दिया। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को एजेंट ने धोखे से रूस भेजा और उनके यात्रा दस्तावेज जब्त कर उन्हें मोर्चे पर लड़ने के लिए मजबूर किया गया।

वकील ने कहा, ''विदेश मंत्रालय सहयोग नहीं कर रहा है।'' उन्होंने कहा, ''पीड़ित परिवारों ने पिछले कुछ महीनों में 120 से अधिक प्रतिवेदन भेजे हैं, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला है। शवों की पहचान के लिए डीएनए नमूने तक नहीं लिए गए हैं। यह केवल निष्क्रियता ही नहीं है, वे हमसे संपर्क में भी नहीं हैं।''

वकील ने युद्ध क्षेत्र से एक पीड़ित द्वारा भेजा गया वीडियो साक्ष्य देखने का पीठ से अनुरोध किया, जिसमें उसने अपनी स्थिति का विवरण दिया है।

SC ने MEA को दिया अहम निर्देश

पीठ ने विदेश मंत्रालय को निर्देश दिया कि वह एक विस्तृत वस्तुस्थिति रिपोर्ट दाखिल करे, जिसमें नागरिकों की सुरक्षा और उनकी वापसी के लिए उठाए गए ठोस कदमों का विवरण हो। इससे पहले, पीठ ने याचिका पर संज्ञान लेते हुए अदालत कक्ष में उपस्थित सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता से इस मुद्दे पर निर्देश लेने को कहा था।

रूस में फंसे हैं 26 भारतीय

याचिकाकर्ताओं के वकील ने पीठ को बताया कि ये 26 लोग भारतीय नागरिक हैं, जो रूस में फंसे हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि इन लोगों को रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध में हिस्सा लेने के लिए मजबूर किया गया है। याचिका में केंद्र सरकार को यह निर्देश देने का अनुरोध किया गया है कि वह रूस स्थित भारतीय दूतावास के माध्यम से तुरंत कूटनीतिक और वाणिज्य दूतावास संबंधी कदम उठाए, ताकि हिरासत में लिए गए भारतीयों की सुरक्षा और वापसी सुनिश्चित की जा सके।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें

कॉकरोच जनता पार्टी आज अपनी राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक करेगी, क्या है इसके एजेंडे में और आगे की प्लानिंग?

कॉकरोच जनता पार्टी आज अपनी राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक करेगी, क्या है इसके एजेंडे में और आगे की प्लानिंग?

आज की ताजा खबर, 24 अगस्त 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: NSA अजीत डोभाल जा रहे चीन, एजेंडा में बॉर्डर पर स्थिरता का मुद्दा...कार एक्सीडेंट में BJP-AAP के विधायक घायल, सरकारी अस्पताल में आग लगने से 3 शिशुओं की मौत

आज की ताजा खबर, 24 अगस्त 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: NSA अजीत डोभाल जा रहे चीन, एजेंडा में बॉर्डर पर स्थिरता का मुद्दा...कार एक्सीडेंट में BJP-AAP के विधायक घायल, सरकारी अस्पताल में आग लगने से 3 शिशुओं की मौत

नागपुर के गोधनी में वॉटर प्लांट से क्लोरीन गैस का रिसाव, कई लोगों को सांस लेने में हुई तकलीफ, 40 लोग अस्पताल में भर्ती

नागपुर के गोधनी में वॉटर प्लांट से क्लोरीन गैस का रिसाव, कई लोगों को सांस लेने में हुई तकलीफ, 40 लोग अस्पताल में भर्ती

'आत्मनिर्भर भारत' की बड़ी उड़ान: 100% स्वदेशी AK-203 'शेर' राइफल बनकर तैयार; अमेठी में हुआ सफल परीक्षण, जानें- खासियतें

'आत्मनिर्भर भारत' की बड़ी उड़ान: 100% स्वदेशी AK-203 'शेर' राइफल बनकर तैयार; अमेठी में हुआ सफल परीक्षण, जानें- खासियतें

अजीत डोभाल आज चीन दौरे पर होंगे रवाना, सीमा विवाद पर होगी अहम बैठक, वांग यी से करेंगे मुलाकात

अजीत डोभाल आज चीन दौरे पर होंगे रवाना, सीमा विवाद पर होगी अहम बैठक, वांग यी से करेंगे मुलाकात