Why Not To Drink Juice On Empty Stomach In Hindi: हम में से कई लोग दिन की शुरुआत हेल्दी तरीके से करने के लिए सुबह-सुबह फल का जूस पीना पसंद करते हैं। हमें लगता है कि जूस पीकर एनर्जी मिलेगी, बॉडी डिटॉक्स होगी और हम दिनभर फिट रहेंगे। लेकिन क्या आप जानते हैं कि खाली पेट जूस पीना आपकी सेहत के लिए हानिकारक हो सकता है? जी हां, ये आदत धीरे-धीरे आपके शरीर को नुकसान पहुंचा सकती है। शुरुआत में इसका असर पता नहीं चलता, लेकिन धीरे-धीरे यह पाचन से लेकर ब्लड शुगर और दांतों की सेहत तक को प्रभावित करता है। अगर आप भी सुबह उठते ही जूस पीने की आदत में हैं, तो अब इसे बदलने का वक्त आ गया है। आइए जानते हैं क्यों।
ब्लड शुगर को कर सकता है हाई
जूस में नेचुरल शुगर तो होती है, लेकिन जब आप इसे खाली पेट पीते हैं, तो ये शुगर सीधे आपके ब्लड में जाकर उसका लेवल तेजी से बढ़ा देती है। इसका असर ये होता है कि आपको कुछ देर में ही थकावट महसूस होने लगती है, चक्कर आ सकते हैं और भूख बार-बार लगने लगती है। खासतौर पर डायबिटीज के मरीजों को इससे बचना चाहिए, वरना ब्लड शुगर कंट्रोल से बाहर हो सकता है।
दांतों के लिए भी नुकसानदेह
ज्यादातर जूस में नैचुरल एसिड होता है, खासकर संतरा, मौसंबी या अनार जैसे फलों में। जब आप खाली पेट इनका जूस पीते हैं, तो इसका एसिड आपके दांतों के इनेमल (ऊपरी परत) को कमजोर करता है। इससे दांत सेंसिटिव हो सकते हैं, कैविटी बन सकती है और मसूड़ों की दिक्कतें भी शुरू हो सकती हैं। इसलिए जूस पीने के बाद कुल्ला जरूर करें या बेहतर हो कि जूस खाने के बाद पिएं।
पेट में गैस और ब्लोटिंग की समस्या
फल का जूस पीने से तुरंत पेट तो भरता नहीं, लेकिन शरीर को भारीपन महसूस होने लगता है। इसमें फाइबर कम होता है, जो पाचन में मदद करता है। ऐसे में जूस सीधे पेट में जाकर गैस, एसिडिटी और ब्लोटिंग जैसी दिक्कतें खड़ी कर सकता है। अगर आपकी पेट से जुड़ी कोई समस्या पहले से है, तो खाली पेट जूस पीना उसे और बिगाड़ सकता है।
पाचन क्रिया हो सकती है धीमी
जूस में जो न्यूट्रिएंट्स होते हैं, वो तभी फायदेमंद होते हैं जब शरीर उन्हें सही तरीके से पचा पाए। लेकिन जब पेट खाली होता है, तो एसिड ज्यादा बनता है। इस एसिड के कारण जूस के पोषक तत्व ठीक से अवशोषित नहीं हो पाते, जिससे पाचन पर असर पड़ता है। इसका नतीजा होता है अपच, भूख न लगना और पेट का बार-बार फूलना।
वजन बढ़ने और फैट जमा होने का खतरा
खाली पेट जूस पीने से शरीर में शुगर तेजी से बदलकर फैट में बदल सकता है। अगर आप वज़न कम करने के लिए जूस पी रहे हैं, तो ये तरीका उल्टा असर कर सकता है। खासकर अगर आप बिना एक्सरसाइज के सिर्फ जूस पर भरोसा कर रहे हैं, तो वजन कम होने के बजाय और बढ़ सकता है।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
