हेल्थ

छोटी-मोटी खुजली और नाक बहने पर लेते हैं एलर्जी की दवा, बॉडी को भीतर से खोखला कर रही ये आदत, FDA ने जारी की चेतावनी

Taking Allergy Medicine can Be Dangerous For Health: अगर आप भी उन लोगों में से हैं जो एलर्जी होने पर डॉक्टर से सलाह लिए बिना एलर्जी की दवाएं खाना शुरू कर देते हैं, तो आपको बता दें ये आदत लंबे समय में आपके स्वास्थ्य को गंभीर नुकसान पहुंचा सकती है। इसको लेकल हाल ही में FDA ने भी चेतावनी दी है। यहां जानें इसके बारे में...

Image

Taking Allergy Medicine can Be Dangerous For Health

Taking Allergy Medicine can Be Dangerous For Health: अक्सर जब हल्की सी नाक बहती है या गला-आंखों में थोड़ी खुजली होती है, तो हम बिना सोचे-समझे फटाफट एलर्जी की दवा ले लेते हैं। कई बार तो ये दवाएं हमारे पर्स या घर के ड्रॉअर में हमेशा पड़ी रहती हैं, जैसे जरूरत पड़ी और तुरंत खा ली। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि ये आदत आपके शरीर को अंदर से नुकसान पहुंचा सकती है? अमेरिका की फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने हाल ही में एक चौंकाने वाली चेतावनी दी है कि एलर्जी की कुछ आम दवाएं अगर लंबे समय तक ली जाएं और फिर अचानक बंद कर दी जाएं, तो शरीर में गंभीर खुजली शुरू हो सकती है।

एलर्जी पर दवा खाना बन गया है आम चलन

थोड़ी सी धूल-धुआं हो जाए, मौसम बदले या पालतू जानवर पास आए, तो छींक आना, नाक बहना, आंखों में खुजली होना आम है। ऐसे में लोग बिना डॉक्टर से पूछे ही एलर्जी की गोली जैसे सिट्रीजीन या लेवोसेट्रिज़ीन खा लेते हैं। ये दवाएं तुरंत असर करती हैं, तो लगता है कि सही इलाज हो गया। धीरे-धीरे ये एक आदत बन जाती है।

FDA की चेतावनी

FDA के मुताबिक, जो लोग लंबे समय तक ये दवाएं लेते हैं, अगर वो अचानक दवा लेना बंद कर दें, तो उन्हें ‘प्र्यूराइटस’ नाम की एक गंभीर खुजली हो सकती है। ये खुजली बहुत ज्यादा परेशान कर सकती है – नींद तक नहीं आती, और शरीर में बेचैनी बनी रहती है। ऐसा नहीं है कि ये कोई दुर्लभ साइड इफेक्ट है, बल्कि अमेरिका में ऐसे कई केस सामने आ चुके हैं।

किन दवाओं को लेकर ज्यादा सावधानी की जरूरत?

FDA ने साफ तौर पर दो दवाओं का जिक्र किया है सिट्रेजीन (जिसे Zyrtec नाम से जाना जाता है) और लेवोसेट्रिज़ीन (जिसे Xyzal के नाम से बेचा जाता है)। ये दोनों ही दवाएं ओवर-द-काउंटर यानी बिना डॉक्टर की पर्ची के मिलती हैं। लोग इन्हें हल्की-फुल्की एलर्जी में सालों तक लेते रहते हैं।

क्या कहते हैं रिपोर्ट के आंकड़े?

FDA को अप्रैल 2017 से जुलाई 2023 के बीच करीब 209 मामले रिपोर्ट हुए हैं, जिनमें से ज्यादातर अमेरिका से थे। 90% लोगों को जब दोबारा वही दवा दी गई, तो खुजली कम हो गई। वहीं कुछ मामलों में दवा धीरे-धीरे बंद करने (टेपिंग ऑफ) से राहत मिली। इससे साफ है कि दवा को अचानक छोड़ना खतरनाक हो सकता है।

ये हैं बचाव के तरीके

  • अगर एलर्जी की दवा लंबे समय से ले रहे हैं, तो उसे धीरे-धीरे बंद करें, डॉक्टर की सलाह लें।
  • हल्की एलर्जी में दवा के बजाय नेचुरल तरीके अपनाएं- भाप लें, नाक धोने के लिए सलाइन वॉटर यूज करें।
  • खुद से दवा शुरू या बंद न करें, डॉक्टर की सलाह जरूरी है।
  • हर छींक या खुजली पर दवा खाना छोड़ें, थोड़ा धैर्य रखें।

एक छोटी-सी गोली कब बड़ी समस्या बन जाए, कहा नहीं जा सकता। इसलिए जरूरी है कि समझदारी से काम लें और हर दवा को मजाक में न लें। FDA की ये चेतावनी हमें समय रहते सतर्क कर रही है।

डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article