कई बार बच्चे सुबह का नाश्ता नहीं कर पाते हैं। कभी बच्चा खाने से मना कर देता है तो कभी माता-पिता के पास समय कम होता है। एक्सपर्ट्स मानते हैं कि दिन की शुरुआत बिना कुछ खाए करना बच्चों के लिए अच्छा नहीं है। सेलिब्रिटी न्यूट्रिशनिस्ट पूजा माखीजा भी बच्चों के लिए पौष्टिक नाश्ते की जरूरत पर जोर देती हैं। इनके मुताबिक, सुबह का नाश्ता छोड़ने से बच्चे सुस्ती, चिड़चिड़ापन और ध्यान लगाने में परेशानी महसूस कर सकते हैं। दिन की शुरुआत में संतुलित खाना शरीर को ऊर्जा देने के साथ बच्चे को स्कूल और दूसरी गतिविधियों के लिए तैयार करने में मदद करता है।
पूजा मखीजा कहती हैं कि अगर बच्चे नाश्ता नहीं कर रहें तो उनके ब्रेकफास्ट में कुछ अट्रैक्टिव फूड्स सर्व करके देखें। पूजा मखीजा कहती हैं कि ये 7 सुपर ब्रेकफास्ट स्वाद और पोषण के लिए लिहाज से भी बच्चों के लिए परफेक्ट हैं:
दाल का डोसा और नारियल की चटनी
दाल से बना डोसा बच्चों के लिए अच्छा नाश्ता हो सकता है। इसमें कार्बोहाइड्रेट के साथ प्रोटीन भी मिलता है। इसे नारियल की चटनी के साथ परोसा जा सकता है। अगर बच्चा सामान्य डोसा पसंद नहीं करता तो इसे छोटे आकार में बनाकर भी दिया जा सकता है।
अंडे से बनाएं अलग-अलग नाश्ते
अंडा प्रोटीन का अच्छा स्रोत है और इसे कई तरह से नाश्ते में शामिल किया जा सकता है। पूजा माखीजा ने फ्रेंच टोस्ट, उबले अंडे, एग सैंडविच और ऑमलेट जैसे विकल्प सुझाए हैं। एक ही चीज रोज देने के बजाय इसके अलग-अलग रूप बच्चों को दिए जाएं तो नाश्ता उनके लिए बोरिंग भी नहीं होगा।
पैनकेक के साथ पीनट या बादाम बटर
बच्चों को पैनकेक पसंद आते हैं, इसलिए इसे थोड़ा पौष्टिक बनाया जा सकता है। पैनकेक के साथ पीनट या बादाम बटर दिया जा सकता है। नट बटर से प्रोटीन, वसा और कुछ जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं। हालांकि बाजार में मिलने वाले उत्पाद चुनते समय अतिरिक्त चीनी और नमक की मात्रा पर ध्यान देना चाहिए।
दाल-आलू का पराठा
पराठा बच्चों को पसंद आता है। पराठे में दाल जोड़ने से नाश्ते में प्रोटीन की मात्रा बढ़ाई जा सकती है। दाल और आलू का पराठा दही के साथ भी दिया जा सकता है। इससे एक सामान्य पराठे की तुलना में नाश्ता ज्यादा संतुलित बनाया जा सकता है।
दूध के साथ नट्स और सीड्स ग्रेनोला
अगर बच्चा मीठा या हल्का नाश्ता पसंद करता है तो दूध के साथ नट्स और सीड्स वाला ग्रेनोला एक विकल्प हो सकता है। इसमें प्रोटीन, कैल्शियम और दूसरे पोषक तत्व मिल सकते हैं। लेकिन पैकेज्ड ग्रेनोला खरीदते समय लेबल जरूर पढ़ें, क्योंकि कुछ उत्पादों में चीनी काफी ज्यादा हो सकती है।
केले के साथ बादाम बटर टोस्ट
साबुत अनाज की ब्रेड पर बादाम बटर लगाकर उसके ऊपर केले के टुकड़े रखे जा सकते हैं। यह जल्दी तैयार होने वाला नाश्ता है और व्यस्त सुबह में काम आ सकता है। केले से कार्बोहाइड्रेट और बादाम बटर से प्रोटीन व वसा मिलती है।
इडली-सांभर, पोहा या उपमा
हमारे पारंपरिक नाश्ते भी कम पौष्टिक नहीं हैं। इडली-सांभर, पोहा और उपमा बच्चों के लिए अच्छे विकल्प हो सकते हैं। इनमें सब्जियां, दाल या मूंगफली जैसी चीजें जोड़कर इनके पोषण को और बेहतर किया जा सकता है।
वैसे भी हर माता-पिता की कोशिश यह होनी चाहिए कि सुबह की प्लेट में ऐसा स्वादिष्ट और पौष्टिक नाश्ता हो जिसे बच्चा खुशी से खाए। हर दिन एक ही चीज खिलाने के बजाय इन विकल्पों को बदल-बदलकर दिया जा सकता है।
