निर्जला एकादशी साल की 24 एकादशियों में सबसे महत्वपूर्ण है। हिंदू धार्मिक मान्यताओं में निर्जला एकादशी को सबसे कठिन लेकिन सबसे ज्यादा पुण्य दायक व्रत माना जाता है। इस दिन व्रत करने वाले उपासक पूरा दिन बिना अन्न-जल के रहते हैं और भगवान श्री हरि की पूजा करते हैं। चूंकि यह व्रत भीषण गर्मी के दौरान पड़ता है, इसलिए इसके लिए कुछ सावधानियां और बढ़ जाती हैं। इस व्रत के दौरान पानी न पीना इसे सबसे मुश्किल बनाता है। यदि आप एकादशी व्रत करने जा रहे हैं, तो आपको अपनी सेहत का खास ख्याल रखने की जरूरत है। आज हम आपको व्रत के दौरान रखने वाली कुछ अहम सावधानियों के बारे में बताने जा रहे हैं।
धूप में बाहर न निकलें
निर्जला एकादशी व्रत के दौरान आपको खुद को धूप से बचाना बहुत जरूरी होता है। इसलिए यदि आप व्रत रख रहे हैं तो इस दिन धूप में निकलने से बचें। क्योंकि बिना पानी पिए आप धूप में बाहर जाते हैं तो डिहाइड्रेशन का खतरा काफी ज्यादा हो सकता है। जिससे आपकी सेहत खराब हो सकती है। इसलिए इस दिन कोशिश करें कि आपका दिन घर में ही भगवान की उपासना में बीते।
एक्सरसाइज न करें
निर्जला व्रत करने के दौरान आपको अपने शरीर में पानी को लंबे समय तक बचाए रखना होता है। इसलिए अपने व्रत के दौरान एक्सरसाइज या कोई अधिक मेहनत वाला काम न करें। क्योंकि इससे आपका पसीना ज्यादा निकलता है, जिससे आप डिहाइड्रेशन का शिकार हो सकते हैं।
खानपान के टिप्स
निर्जला एकादशी व्रत में पूरे 24 घंटे बिना खाए पिए रहना काफी मुश्किल होता है। इसलिए कुछ लोग इसके पारण में अक्सर गलतियां कर बैठते हैं। व्रत खोलते समय लोग एक साथ बहुत सारा पानी पी लेते हैं। जबकि आपको ऐसा कभी नहीं करना चाहिए। व्रत खोलते समय आप पानी हमेशा थोड़ा और घूंट-घूंट कर पिएं। इसके साथ ही आपको आहार भी हल्का-फुल्का ही लेना चाहिए।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
