हेल्थ

1 दिन में बच्चे को कितना प्रोटीन चाहिए? दूध पीने से ही पूरी नहीं होती प्रोटीन की जरूरत, बच्चों को खिलाएं ये चीजें

बच्चों की अच्छी ग्रोथ और मजबूत शरीर के लिए प्रोटीन बेहद जरूरी है। लेकिन सिर्फ दूध से पूरी जरूरत पूरी नहीं होती। जानिए बच्चों को रोज कितना प्रोटीन चाहिए और कौन-कौन सी चीजें उनकी डाइट में शामिल कर सकते हैं।

Image

1 दिन में बच्चे को कितना प्रोटीन चाहिए

बड़ों से लेकर बच्चों तक के लिए प्रोटीन बहुत जरूरी होता है। अच्छी ग्रोथ के लिए तो बढ़ते बच्चों को सही मात्रा में रोजाना भरपूर प्रोटीन मिलना चाहिए। हालांकि बात जब भी बच्चों की सेहत और प्रोटीन की बात होती है। तो ज्यादातर माता-पिता दूध को सबसे जरूरी मानते हैं। इसमें कोई शक नहीं कि दूध पोषण और प्रोटीन का अच्छा स्रोत है, लेकिन बच्चे के शरीर को सिर्फ दूध से ही पूरा प्रोटीन नहीं मिल पाता। बढ़ती उम्र में बच्चों को हड्डियों, मांसपेशियों, त्वचा और शरीर के विकास के लिए पर्याप्त प्रोटीन की जरूरत होती है। अगर बच्चे की डाइट में प्रोटीन कम हो, तो उसकी ग्रोथ प्रभावित हो सकती है। इसलिए जरूरी है कि बच्चे की थाली में अलग-अलग प्रोटीन युक्त खाद्य पदार्थ शामिल किए जाएं।

बच्चे को रोज कितना प्रोटीन चाहिए?

प्रोटीन की जरूरत उम्र के अनुसार बदलती है। आमतौर पर 1 से 3 साल के बच्चे को लगभग 13 ग्राम, 4 से 8 साल के बच्चे को करीब 19 ग्राम और 9 से 13 साल के बच्चों को लगभग 34 ग्राम प्रोटीन की आवश्यकता हो सकती है। यह सामान्य जानकारी है और बच्चे की जरूरत उसके वजन, शारीरिक गतिविधि और स्वास्थ्य के अनुसार अलग हो सकती है।

दाल हैं आसान और सस्ता विकल्प

मूंग दाल, मसूर दाल, अरहर दाल और चना दाल जैसी प्रोटीन रिच चीजें बच्चों की डाइट में शामिल की जा सकती है। इन्हें खिचड़ी, दाल या सूप के रूप में दिया जा सकता है।

पनीर और दही भी करें शामिल

पनीर और दही बच्चों के लिए स्वादिष्ट और पौष्टिक विकल्प हैं। ये प्रोटीन के साथ कैल्शियम भी देते हैं, जो हड्डियों के लिए जरूरी है।

अंडा है प्रोटीन का अच्छा स्रोत

जो परिवार अंडा खाते हैं, उनके लिए यह बच्चों को प्रोटीन देने का आसान तरीका है। उबला अंडा या ऑमलेट बच्चों की डाइट में शामिल किया जा सकता है।

नट्स और बीज भी फायदेमंद

बादाम, अखरोट, मूंगफली, कद्दू के बीज और चिया सीड्स जैसे विकल्प भी पोषण बढ़ाने में मदद कर सकते हैं।

संतुलित डाइट जरूरी

बच्चों की प्रोटीन जरूरत पूरी करने के लिए किसी एक चीज पर निर्भर रहने के बजाय दूध, दाल, दही, पनीर, अंडा, नट्स और अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थों का संतुलित मिश्रण देना बेहतर होता है। याद रखें, बच्चे की अच्छी ग्रोथ सिर्फ ज्यादा खिलाने से नहीं बल्कि सही और संतुलित पोषण से होती है।

Avni Bagrola
अवनी बागरोलाauthor

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और आधुनिक जीवनशैली से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें युवा और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 2,500 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

और पढ़ें
End of Article