Harmful Effects of Dishwashing Soap: सेहत के लिए फ्रेश फूड्स और बैलेंस डाइट जरूरी है। भले ही आपने अपने लिए बिलकुल ताजे और पौष्टिकता से भरपूर भोजन का चयन किया है, लेकिन जिस प्लेट में आप खाना खा रहे हैं वह अच्छी तरह साफ नहीं है। उस पर बर्तन साफ करने वाले साबुन या लिक्विड रह गया तो आपकी पूरी मेहनत पर पानी फिर सकता है। जिन बर्तनों में हम खाना खाते हैं उनकी साफ सफाई का पूरा ध्यान रखा जाना भी जरूरी है। खासकर इस पर जरूर ध्यान रहे कि सफाई के लिए उपयोग में लाए गए साबुन या लिक्विड का कोई अंश उस पर न रह गया हो। स्विस इंस्टीट्यूट एलर्जी एंड अस्थमा रिसर्च और ज्यूरिख यूनिवर्सिटी की ओर से किए गए शोध में पता चला है कि डिश वॉशिंग केक व लिक्विड का मानव सेहत पर बुरा प्रभाव पड़ता है। अध्ययन में पता चला है कि अगर डिश वॉशिंग केक व लिक्विड के अंश पेट में पहुंच जाए तो कई तरह की परेशानी हो सकती है। इनमें फूड पाॅजनिंग से लेकर आंत संबंधी गंभीर समस्याएं शामिल हैं। आइए जानते हैं डिश वॉशिंग केक व लिक्विड में कौन से कैमिकल्स होते हैं जो हमारी सेहत को क्या-क्या पहुंचाते हैं नुकसान.....
एक्टिव एजेंट ट्राइक्लोसन
अधिकतर डिश वॉशिंग केक व लिक्विड में एक्टिव एजेंट के तौर पर ट्राइक्लोसन का उपयोग किया जाता है। यह एंटी बैक्टीरियल और एंटी फंगल होता है और मानव कोशिकाओं को नुकसान पहुंचाता है।
सोडियम लॉरेल सल्फेट
डिश वॉशिंग केक व लिक्विड में फोमिंग एजेंट के रूप में सोडियम लॉरेल सल्फेट का इस्तेमाल होता है। विशेषज्ञों के अनुसार मानव त्वचा इसे सोख लेती है जिससे रैशेज और एलर्जी की समस्या हो सकती है।
क्या हो सकता है असर
गट को नुकसान
डिश वॉशिंग केक व लिक्विड में पाएं जाने वाले रासायनिक पदार्थों के कारण गट(आंत) की आंतरिक लाइनिंग को नुकसान पहुंच सकता है। इससे गट की सेल्स में साइटोटोक्सिसिटी का खतरा बढ़ जाता है। यह ऐसी स्थिति जिसमें हेल्दी सेल्स को नुकसान होता है और उसमें जहर भरने लगता है।
अंगों में सूजन
शरीर के अंगों में इन्फ्लेमेटरी रिस्पांस बढ़ जाता है। इससे सूजन, शरीर में गर्मी, जोड़ों में दर्द समेत कई बीमारियों के लक्षण बढ़ सकते हैं।
क्या रखें सावधानी
इन खतरों से बचने के लिए आप कुछ उपाय कर सकते हैं। सबसे पहले कोशिश करें कि बर्तनों की सफाई के लिए प्राकृतिक तत्वों वाले डिशवॉशर केक या लिक्विड का उपयोग हो। साथ ही प्राकृतिक चीजों जैसे बेकिंग सोडा, नींबू, इमली का उपयोग किया जा सकता है। गर्म पानी का इस्तेमाल कर साबुन के अवशेष अच्छी तरह हटाना भी सरल विकल्प है। बर्तनों को इस्तेमाल के पहले अच्छी तरह से चेक करें।
(प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता।)
