Monsoon Health Risks Of Riding Bike: बारिश का मौसम आते ही लाखों लोग रोज बाइक से ऑफिस, कॉलेज या दूसरे कामों के लिए निकलते हैं। अगर रास्ते में बारिश हो जाए तो ज्यादातर लोग यही सोचते हैं कि बस किसी तरह मंजिल तक पहुंच जाएं। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि रोज-रोज बारिश में बाइक चलाने का असर सिर्फ आपकी यात्रा पर नहीं, बल्कि आपकी सेहत पर भी पड़ सकता है? भीगे कपड़े, ठंडी हवा और लंबे समय तक नमी में रहने से शरीर कई तरह की परेशानियों का सामना कर सकता है।
यशोदा हॉस्पिटल्स, हैदराबाद के सीनियर कंसल्टेंट फिजिशियन डॉ. दिलीप गुडे बताते हैं कि कभी-कभार बारिश में बाइक चलाना आमतौर पर चिंता की बात नहीं है, लेकिन अगर यह आपकी रोज की आदत है, तो कुछ स्वास्थ्य जोखिम बढ़ सकते हैं। अच्छी बात यह है कि थोड़ी-सी सावधानी रखकर इन परेशानियों से काफी हद तक बचा जा सकता है।
लंबे समय तक भीगने से पड़ सकता है असर
डॉक्टर कहते हैं कि बारिश में कुछ मिनट भीग जाना और बात है, लेकिन अगर रोजाना लंबे समय तक भीगकर बाइक चलानी पड़े तो शरीर पर इसका असर दिखने लगता है। डॉ. दिलीप गुडे के अनुसार, लगातार ठंडी हवा और गीले कपड़ों में रहने से शरीर जरूरत से ज्यादा ठंडा हो सकता है।
खासकर जब सफर लंबा हो या तेज बारिश हो रही हो, तब यह परेशानी बढ़ सकती है। इसलिए अगर आप रोज बाइक से सफर करते हैं तो कोशिश करें कि अच्छी क्वालिटी का रेनकोट पहनें और ऑफिस या घर पहुंचते ही भीगे कपड़े बदल लें।

बाइक पर भीगने का सेहत पर असर
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: बरसात में बच्चों का रेनकोट और स्कूल बैग भी बन सकते हैं बैक्टीरिया का घर, ऐसे बना सकते हैं बीमार
बारिश में बाइक चलाने से क्यों होता है गर्दन और कमर दर्द
क्या आपने कभी महसूस किया है कि बारिश में बाइक चलाने के बाद गर्दन, कंधे या कमर भारी-भारी लगने लगते हैं? इसकी वजह सिर्फ बारिश नहीं होती। फिसलन वाली सड़क पर बाइक संभालते समय हम अनजाने में अपने शरीर को काफी कसकर रखते हैं। ऊपर से ठंडी हवा और भीगे कपड़े मांसपेशियों को और सख्त कर देते हैं। यही कारण है कि कई लोगों को बारिश के मौसम में गर्दन, कंधे और कमर में दर्द या अकड़न महसूस होने लगती है। अगर यह रोज हो, तो परेशानी और बढ़ सकती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: मॉनसून में बार-बार चाय पीने से शरीर पर क्या असर पड़ता है, कहीं सेहत को नुकसान तो नहीं पहुंचा रही आपकी ये आदत
सिर्फ शरीर ही नहीं दिमाग भी जल्दी थक सकता है
बारिश में बाइक चलाना सामान्य दिनों की तुलना में ज्यादा ध्यान मांगता है। सामने का रास्ता साफ नहीं दिखता, हेलमेट के शीशे पर धुंध जम जाती है, दूसरी गाड़ियों के पानी के छींटे आते हैं और तेज हवा भी परेशान करती है। इन सबके बीच लगातार सतर्क रहना पड़ता है। डॉ. गुडे बताते हैं कि ऐसी स्थिति में व्यक्ति जल्दी मानसिक रूप से थक सकता है। जब ध्यान भटकने लगता है या प्रतिक्रिया देने में देर होती है, तब सड़क हादसे का खतरा बढ़ जाता है।

सावधानी बरतना क्यों जरूरी है
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: शरीर पर बढ़ता फैट सिर्फ लुक्स नहीं बिगाड़ता, 19 तरह के कैंसर का खतरा भी बढ़ा सकता है, जानिए कैसे
बारिश शुरू होने के बाद सावधानी क्यों जरूरी है
बहुत से लोग यह नहीं जानते कि बारिश शुरू होने के शुरुआती 20 से 30 मिनट सबसे ज्यादा जोखिम वाले माने जाते हैं। डॉ. दिलीप गुडे बताते हैं कि उस समय सड़क पर पहले से मौजूद तेल, धूल और गंदगी पानी के साथ मिल जाती है। इससे सड़क बहुत ज्यादा फिसलन भरी हो जाती है और बाइक का संतुलन बिगड़ सकता है। इसलिए अगर बारिश अभी-अभी शुरू हुई है, तो तेज रफ्तार से बाइक चलाने की बजाय धीरे और संभलकर चलाना ज्यादा सुरक्षित रहता है।
त्वचा और सांस से जुड़ी परेशानियां भी बढ़ सकती हैं
अगर कोई व्यक्ति लंबे समय तक भीगे कपड़ों में रहता है, तो त्वचा लगातार नमी में रहती है। इससे खुजली, जलन या फंगल इंफेक्शन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। जिन लोगों को पहले से जोड़ों में दर्द रहता है, उन्हें भी बारिश के मौसम में तकलीफ ज्यादा महसूस हो सकती है। वहीं, अस्थमा या सांस से जुड़ी दूसरी बीमारी वाले लोगों में ठंडी और नम हवा के कारण परेशानी बढ़ सकती है। ऐसे लोगों को मॉनसून में अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए।

बचाव के लिए क्या कर सकते हैं
ये छोटी-छोटी बातें बड़ा डाल सकती हैं बड़ा फर्क
अगर बारिश में बाइक से सफर करना आपकी मजबूरी है, तो कुछ आसान आदतें आपको काफी हद तक सुरक्षित रख सकती हैं। ऐसे में आप ये टिप्स फॉलो कर सकते हैं,
- हमेशा अच्छी क्वालिटी का वॉटरप्रूफ रेन गियर पहनें।
- हाथों के लिए गर्म और पानी से बचाने वाले ग्लव्स और पैरों के लिए सही फुटवियर का इस्तेमाल करें।
- हेलमेट का शीशा साफ रखें ताकि रास्ता साफ दिखाई दे।
- अगर शीशे पर बार-बार धुंध जमती है, तो एंटी-फॉग प्रोटेक्शन का इस्तेमाल करें।
- घर या ऑफिस पहुंचते ही भीगे कपड़े बदल लें और सूखे कपड़े पहनें।
- बारिश के मौसम में भी पानी पीना न भूलें, क्योंकि शरीर को इस समय भी पानी की जरूरत होती है।
अगर बहुत तेज बारिश हो रही हो या सड़क पर पानी भर गया हो, तो जहां तक संभव हो बाइक से निकलने से बचें। थोड़ी देर इंतजार करना कई बार बड़े खतरे से बचा सकता है।
डॉक्टर की सलाह
डॉ. दिलीप गुडे के अनुसार, बारिश में बाइक चलाना सिर्फ सड़क सुरक्षा का मामला नहीं है। अगर यह रोज की आदत है, तो इसका असर शरीर पर भी पड़ सकता है। सही रेन गियर पहनना, भीगे कपड़े तुरंत बदलना और खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचना, आपकी सेहत और सुरक्षा दोनों के लिए बेहतर कदम हैं।
डिस्क्लेमर: यह लेख डॉक्टर द्वारा साझा की गई जानकारी के आधार पर तैयार किया गया है। लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
