Enlarged prostate: प्रोस्टेट पुरुषों में मौजूद एक ग्रंथि है, जिसका आकार अखरोट की तरह होता है। उम्र के साथ-साथ इस ग्रंथि का आकार भी बढ़ता है, लेकिन अगर यह काफी ज्यादा बढ़ने लगे तो मूत्रमार्ग में दबाव पड़ने लगता है। जिसकी वजह से पेशाब में रुकावट होने लगती है। ऐसे में प्रोस्टेट का आसामान्य रूप से बढ़ना पुरुषों के स्वास्थ्य के लिए ठीक नहीं माना जाता है। असामान्य रूप से प्रोस्टेट का बढ़ना एक बीमारी होती है, जिसे बिनाइन प्रोस्टेटिक हाइपरप्लेसिया (BPH) कहा जाता है। इसकी वजह से शरीर के कई अंगों जैसे - मूत्राशय, किडनी, मूत्रमार्ग इत्यादि में परेशानी होने लगती है। ऐसे में प्रोस्टेट बढ़ने का इलाज कई तरह से किया जाता है। इसके अलावा आपको अपनी कुछ आदतों पर अंकुश लगाने की जरूरत होती है, जिससे प्रोस्टेट का बढ़ना कम किया जा सके। आइए जानते हैं उन आदतों के बारे में-
प्रोस्टेट बढ़ने पर किन आदतों से बचने की है जरूरत
स्ट्रेस से बनाएं दूरी
कुछ अध्ययनों से पता चला है कि, महिलाओं की तुलना में पुरुष अधिक स्ट्रेस लेते हैं। उनकी इस आदत की वजह से प्रोस्टेट बढ़ने का खतरा काफी ज्यादा रहता है। दरअसल, जो व्यक्ति अधिक स्ट्रेस लेता है, उनमें एड्रेनालाईन हार्मोन की मात्रा बढ़ जाती है। इसकी वजह से यूरेथ्रा के आसपास की मांसपेशियों पर असर पड़ता है। इस वजह से प्रोस्टेट बढ़ सकता है। इस स्थिति में स्ट्रेस को कम करने के लिए नियमित रूप से योग और ध्यान करें।
शरीर को एक्टिव न रखना
अगर आप शरीर को एक्टिव नहीं रखते हैं, तो इससे प्रोस्टेट बढ़ने का खतरा अधिक रहता है। दरअसल, शरीर को एक्टिव न रखने की वजह से कई तरह की समस्याएं खासतौर पर हाई ब्लड प्रेशर बढ़ने का खतरा रहता है, जिसकी वजह से हार्ट डिजीज जैसी गंभीर बीमारियां हो सकती हैं। इसके अलावा यह प्रोस्टेट पर भी असर डालता है। ऐसे में ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करना बहुत ही जरूरी है। इसके लिए शरीर को एक्टिव रखें। साथ ही हेल्दी आहार का चुनाव करें।
चीनी का अधिक सेवन
अगर आप चीनी अधिक मात्रा में खाते हैं, तो इससे अभी दूरी बना लें। चीनी का अधिक सेवन करने की वजह से शरीर में सूजन बढ़ती है, जो आपके प्रोस्टेट को भी बढ़ा सकती है। ऐसे में चीनी से दूरी बनाना आपके लिए बेहद जरूरी है।
(प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।)
