नवरात्रि के 9 दिनों तक व्रत रखने का सभी का तरीका अलग-अलग हो सकता है। कुछ लोग एक समय भोजन के साथ उपवास करते हैं, तो कुछ लोग केवल फलाहार के द्वारा अपना उपवास पूरा करते हैं। यदि आपने इस नवरात्रि में 9 दिन का उपवास किया है और आप अपने व्रत को खोलने का प्लान बना रहे हैं, तो आपको हमारी बताई कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिए। आइए जानते हैं नवरात्रि व्रत खोलने के लिए जरूरी हेल्थ टिप्स...
हल्का खाना खाएं
9 दिन के व्रत के दौरान हम बहुत कम खाना खाते हैं, जिसके बाद अक्सर ही लोग एक साथ ज्यादा खा लेते हैं। जिसका नकारात्मक असर आपकी सेहत पर देखने को मिलता है। व्रत खोलते समय इस बात का ध्यान जरूर रखें कि हैवी या तला-भुना खाना न खाएं। क्योंकि व्रत के दौरान आपका पाचन तंत्र कमजोर हो जाता है। यही कारण है कि आपको पहले हल्का भोजन जैसे फलों का जूस, खिचड़ी और सूप जैसी चीजें लेनी चाहिए।
प्रोटीन और फाइबर युक्त चीजें लें
व्रत खोलते समय अपनी डाइट में पोषण का पूरा ख्याल रखें। प्रोटीन और फाइबर और चीजें आपकी डाइट में शामिल जरूर होनी चाहिए। प्रोटीन और फाइबर से भरपूर चीजें आपकी सेहत और पाचन दोनों को बेहतर बनाने में मदद करती हैं। इसलिए व्रत खोलते समय आपको दूध से बने उत्पाद, फल, सब्जियां, और साबुत अनाज को मुख्य रूप से शामिल करना चाहिए।
जंक फूड्स से परहेज
व्रत खोलने के दौरान आपको किसी भी तरह के जंक फूड्स का सेवन नहीं करना चाहिए। क्योंकि व्रत के दौरान ज्यादातर फलाहार पर रहा जाता है, तो आपको जंक फूड्स की क्रेविंग हो सकती है। लेकिन ध्यान रहे कि यदि आप जंक फूड्स का सेवन करते हैं, तो इसका बुरा असर आपके पाचन तंत्र पर देखने को मिलता है।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
