How to manage diabetes in summer: मधुमेह की बीमारी में मरीज का ब्लड शुगर लेवल बढ़ने लगता है, जिससे ज्यादा प्यास लगना, पेशाब लगना, थकान, वजन कम होना, आंखों में धुंधलापन जैसी कई समस्याएं होने लगती हैं। अगर लंबे समय तक ब्लड शुगर को नियंत्रित नहीं रखा जाए तो शरीर के कई हिस्सों को नुकसान होने का भी खतरा रहता है। गर्मियों के दिनों में ब्लड शुगर कंट्रोल करना और भी जरूरी हो जाता है। ब्लड शुगर कंट्रोल बनाए रखने के लिए आपको ऐसे खाद्य पदार्थों का सेवन करना चाहिए जिनका ग्लाइसेमिक इंडेक्स लेवल कम हो क्योंकि ऐसे खाद्य पदार्थ या चीजें ब्लड शुगर नहीं बढ़ाती हैं।
गर्मियों में हम ढेर सारा पानी पीते हैं और अन्य तरल पदार्थों का भी सेवन करते हैं। ऐसे में अगर आप डायबिटीज के मरीज हैं तो आपको गर्मियों में मीठे या कैलोरी वाले पेय पदार्थों से परहेज करना चाहिए। मुख्य समस्या यह है कि गर्मियों में मिलने वाले पेय मीठे होते हैं। इससे आपका ब्लड शुगर तेजी से बढ़ सकता है। NBT के मुताबिक फैट टू स्लिम की निदेशक न्यूट्रिशनिस्ट और डायटीशियन शिखा अग्रवाल शर्मा शेयर कर रही हैं कि कौन से समर ड्रिंक्स ब्लड शुगर को कंट्रोल में रखते हैं और गर्मी को मात देते हैं।
नारियल पानी है फायदेमंद
नारियल पानी दुनिया के सबसे स्वास्थ्यप्रद पेय में से एक है। यह स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पौष्टिक भी होता है। इसमें कम ग्लाइसेमिक इंडेक्स और बहुत कम प्राकृतिक चीनी होती है। इसमें मौजूद पोषक तत्व ब्लड शुगर को नियंत्रित करने में मदद करते हैं।
छाछ का सेवन जरूर करें
इस देसी भारतीय सुपर ड्रिंक के कई स्वास्थ्य लाभ हैं। छाछ एक बेहतरीन प्रोबायोटिक है जो आंत के स्वास्थ्य में सुधार करता है। छाछ पीने से रक्तचाप और कोलेस्ट्रॉल का स्तर भी कम हो सकता है। यह मधुमेह रोगियों के लिए एक बेहतरीन पेय है क्योंकि इसमें कम ग्लाइसेमिक इंडेक्स, कम वसा और कम कैलोरी होती है।
पानी पिएं
अगर ब्लड शुगर कंट्रोल में नहीं है तो आप डिहाइड्रेशन के शिकार हो सकते हैं। ऐसे मामलों में पर्याप्त पानी पीने से अतिरिक्त ग्लूकोज को मूत्र के माध्यम से फ्लश करने में मदद मिलती है और रक्त शर्करा के स्तर को नियंत्रण में रखता है। इसलिए एक ही समय में गर्मी और ब्लड शुगर को मात देने के लिए खूब पानी पिएं।
नींबू पानी
गर्मियों में अक्सर लोग नींबू पानी में चीनी मिलाकर पीते हैं। अगर आप डायबिटीज के मरीज हैं तो आपको यह गलती बिल्कुल नहीं करनी चाहिए। चीनी की जगह आप अपने नींबू पानी में थोड़ा सा काला नमक मिला सकते हैं। इससे आपको बहुत फायदा होगा।
फलों के जूस की जगह सब्जियों का जूस पिएं
गर्मियों में फलों का जूस पीने से बचें। फलों में प्राकृतिक शुगर होती है, जो रक्त शर्करा बढ़ा सकती है। ऐसे में विकल्प के तौर पर सब्जियों का जूस पीना बेहतर होता है। सब्जियों का जूस पीने से भी आपका ब्लड प्रेशर कंट्रोल में रहता है।
