हेल्थ

Covid 19: कोरोना के नये वेरिएंट XBB.1.16 के अलग हैं लक्षण, बच्चों की आंखों को कर रहा है प्रभावित

  • Authored by: कुलदीप राघव
  • Updated Apr 12, 2023, 04:35 PM IST

Covid new symptoms: भारत सरकार के आंकड़ों के अनुसार वर्तमान में देश भर में आ रहे कोविड-19 के मामलों में अधिकांश मामले XBB.1.16 वेरिएंट के ही रिपोर्ट किए जा रहे हैं। देश के 9 राज्यों से वायरस के इस वेरिएंट की उपस्थिति दर्ज की जा चुकी है। कोरोना का नया स्वरूप बच्चों की आंखों को प्रभावित कर रहा है।

Image

Corona Symptoms in Children (Credit: Istock)

Covid 19 New Variant XBB 1.16 Symptoms: कोरोना वायरस लगातार अपना रूप बदल रहा है। देश में पिछले कुछ दिनों से लगातार 5000 से अधिक संख्या में कोरोना के मामले दर्ज किए जा रहे हैं जिसने भारत सरकार की चिंता को बहुत अधिक बढ़ा दिया है। हाल ही दर्ज किए गए मामलों में अधिकतर मामलों के पीछे ओमीक्रोन का सब-वेरिएंट XBB.1.16 हैं। भारत के 9 राज्यों तक इस वायरस ने अपनी पहुंच बना ली है। इसके बदलते स्वरूप की बात करें तो इसका असर अब छोटे बच्चों (Corona Symptoms in Children) पर भी देखने को मिल रहा है। इस वायरस से छोटे बच्चों की आंखों पर बुरा असर देखने को मिल रहा है। इसका नया लक्षण बच्चों की आंखों में लालिमा और जलन के रूप में सामने आया है।

XBB.1.16 वेरिएंट के लक्षण

भारत में कोरोना की तीसरी लहर के लिए जिम्मेदार ओमीक्रोन वेरिएंट से काफी हद तक कोरोना का ये नया वेरिएंट XBB.1.16 समान है। इस वायरस के संक्रमण से मृत्यु दर काफी कम रहती है लेकिन इस वायरस का फैलाव बहुत तेजी से होता है। यहां जानें कोरोना वायरस के इस नए वेरिएंट के कॉमन लक्षण-

  • बुखार
  • खांसी
  • गले में खराश और दर्द
  • नाक बहना
  • पेट में दर्द, दस्त
  • मांसपेशियों में दर्द
कोरोना के इस नए वेरिएंट के बारे में एक्सपर्ट बताते हैं कि इस वेरिएंट का असर अब बच्चों पर भी देखने को मिल रहा है। इससे संक्रमित बच्चों की आंखों लाल हो जाती है और उनमें तेज खुजली के साथ-साथ आंखों से पानी और चिपचिपा पदार्थ निकलता है। विशेषज्ञों का कहना है कि कोरोना वायरस के इस तरह के लक्षण पहले कभी देखने को नहीं मिले हैं।

तेजी से बढ़ रहे मामले, मास्क होने लगे अनिवार्य

कोरोना का नया रूप तेजी से फैल रहा है तो हर कोई सतर्क हो गया है। रोजाना कोविड 19 के नए मामलों में तेजी से इजाफा हो रहा है। संक्रमण दर 26 प्रतिशत से ऊपर जा चुकी है और कोरोना के सक्रिय मामले 40 हजार के पार जा चुके हैं। इस हालात का देखते हुए तीन राज्यों में मास्क अनिवार्य कर दिए गए हैं, वहीं अस्पतालों में मॉक ड्रिल कर तैयारियों का जायजा लिया जा रहा है। हालांकि वैक्सीनेशन की वजह से फिलहाल विशेषज्ञ खतरे की घंटी नहीं बजा रहे हैं लेकिन सेनिटाइजेशन, सोशल डिस्टेंसिंंग और मास्क के जरिए लोगों से अपने बचाव की अपील कर रहे हैं।

कुलदीप राघव
कुलदीप राघवauthor

कुलदीप राघव प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों से अधिक अनुभव का रखने वाले पत्रकार हैं। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वह एजुकेशन सेक्शन को लीड कर रहे हैं। एजुकेशन सेक्टर की गहरी समझ और लगातार फील्ड-ओरिएंटेड रिपोर्टिंग के कारण कुलदीप इस बीट के भरोसेमंद पत्रकारों में गिने जाते हैं। वे स्कूल और उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाएं, एडमिशन और काउंसलिंग प्रोसेस, स्कॉलरशिप, करियर गाइडेंस, जॉब अलर्ट, स्किल डेवलपमेंट और युवाओं से जुड़े सामाजिक-शैक्षणिक मुद्दों पर तथ्यात्मक और आसान भाषा में खबरें पब्लिश करते हैं। कुलदीप ने अब तक 18,000 से अधिक बाइलाइन स्टोरीज लिखी हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, विश्लेषण, डेटा आधारित रिपोर्ट्स और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article