Mosquito Bite In Lift: लिफ्ट में सफर आमतौर पर 20-30 सेकंड का ही होता है। इसलिए ज्यादातर लोग मान लेते हैं कि इतनी देर में मच्छर के काटने का सवाल ही नहीं उठता। लेकिन क्या यह सोच सही है? बारिश के मौसम में जब डेंगू और चिकनगुनिया के मामले बढ़ने लगते हैं, तब यह छोटी-सी गलतफहमी भी परेशानी की वजह बन सकती है। अगर लिफ्ट, ऑफिस के कॉरिडोर या अपार्टमेंट की लॉबी में पहले से संक्रमित एडीज मच्छर मौजूद है, तो कुछ सेकंड का संपर्क भी काटने के लिए काफी हो सकता है।
हालांकि इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं कि हर मच्छर के काटने से डेंगू या चिकनगुनिया हो जाएगा। यशोदा हॉस्पिटल्स, हैदराबाद के कंसल्टेंट फिजिशियन एवं इंफेक्शियस डिजीज स्पेशलिस्ट डॉ. हरि किशन बोरुगु बताते हैं कि इस विषय को लेकर लोगों के बीच कई गलत धारणाएं हैं। आइए समझते हैं कि इसके पीछे का विज्ञान क्या कहता है।
क्या 30 सेकंड में भी मच्छर काट सकता है
डॉ. हरि किशन बोरुगु के अनुसार, सबसे बड़ी गलतफहमी यह है कि मच्छर को काटने या वायरस फैलाने के लिए कई मिनट चाहिए होते हैं। वास्तव में ऐसा नहीं है। जैसे ही मच्छर त्वचा पर बैठकर खून चूसना शुरू करता है, वह अपनी लार (Saliva) भी छोड़ता है। इसी प्रक्रिया के दौरान, यदि मच्छर पहले से डेंगू या चिकनगुनिया के वायरस से संक्रमित है, तो वायरस शरीर में प्रवेश कर सकता है। इसलिए अगर संक्रमित मच्छर पहले से लिफ्ट या किसी बंद जगह में मौजूद हो, तो केवल 30 सेकंड की मौजूदगी भी मच्छर के काटने के लिए पर्याप्त हो सकती है। यहां समझने वाली बात यह है कि जोखिम समय से नहीं, बल्कि संक्रमित मच्छर के संपर्क से जुड़ा है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: शरीर पर बढ़ता फैट सिर्फ लुक्स नहीं बिगाड़ता, 19 तरह के कैंसर का खतरा भी बढ़ा सकता है, जानिए कैसे
क्या हर मच्छर काटने के बाद डेंगू या चिकनगुनिया हो जाता है?
इस सवाल को लेकर भी लोगों में काफी भ्रम है। डॉ. बोरुगु बताते हैं कि हर मच्छर डेंगू या चिकनगुनिया नहीं फैलाता। बीमारी तभी फैल सकती है, जब काटने वाला एडीज (Aedes mosquito) मच्छर पहले से वायरस से संक्रमित हो। इसलिए अगर मच्छर काट भी ले, तो घबराने की जरूरत नहीं है। लेकिन लापरवाही भी नहीं करनी चाहिए। अगर अगले कुछ दिनों में तेज बुखार, बदन दर्द या दूसरे लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत डॉक्टर से जांच करानी चाहिए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: कुछ लोग नमक कम खाते हैं, फिर भी उनका BP क्यों रहता है हाई, न्यूट्रिशनिस्ट ने बताई असली वजह
लिफ्ट, ऑफिस और अपार्टमेंट की लॉबी को हल्के में क्यों न लें
अक्सर लोग सोचते हैं कि मच्छर सिर्फ पार्क, बगीचे या खुले स्थानों पर होते हैं। लेकिन एडीज मच्छर इंसानों के आसपास रहने वाली जगहों में भी आसानी से पहुंच जाता है और दिन के समय भी काट सकता है। डॉ. हरि किशन बोरुगु बताते हैं कि लिफ्ट, सीढ़ियां, ऑफिस के कॉरिडोर और अपार्टमेंट की लॉबी जैसी जगहों पर लोगों की लगातार आवाजाही रहती है। अगर वहां मच्छर मौजूद है, तो थोड़े समय का संपर्क भी काटने के लिए काफी हो सकता है। इसलिए केवल यह सोचकर निश्चिंत नहीं होना चाहिए कि "मैं तो कुछ सेकंड ही वहां था।"
सिर्फ घर नहीं, सोसाइटी और ऑफिस में भी बचाव जरूरी है
डॉक्टर के मुताबिक, डेंगू और चिकनगुनिया से बचने का सबसे प्रभावी तरीका मच्छरों के काटने से बचना है। पूरे बाजू के कपड़े पहनें, जरूरत पड़ने पर मच्छर भगाने वाला रिपेलेंट इस्तेमाल करें और घर के साथ-साथ सोसाइटी, ऑफिस और आसपास कहीं भी पानी जमा न होने दें। एडीज मच्छर साफ रुके हुए पानी में तेजी से पनपता है। अगर अपार्टमेंट की लिफ्ट, लॉबी या कॉमन एरिया में बार-बार मच्छर दिखाई दें, तो इसे सामान्य बात मानकर नजरअंदाज न करें। सोसाइटी प्रबंधन को इसकी जानकारी दें ताकि नियमित मॉस्किटो कंट्रोल और फॉगिंग जैसी व्यवस्थाएं समय पर कराई जा सकें।
बुखार आने पर खुद दवा लेने की गलती न करें
अगर मच्छर के काटने के कुछ दिनों बाद तेज बुखार, शरीर या जोड़ों में दर्द, सिरदर्द या त्वचा पर लाल चकत्ते दिखाई दें, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। डॉ. हरि किशन बोरुगु कहते हैं, "डेंगू में समय पर जांच, शरीर में पर्याप्त पानी बनाए रखना और सही इलाज शुरू करना जटिलताओं के खतरे को काफी कम कर सकता है। इसलिए लक्षणों को नजरअंदाज न करें और खुद से इलाज करने के बजाय चिकित्सकीय सलाह लें।" यही कारण है कि डेंगू और चिकनगुनिया से बचाव का सबसे भरोसेमंद तरीका आज भी मच्छरों के काटने से बचना ही है।
