हेल्थ

Yoga For Stress Relief : तनाव करना है दूर तो रोज करें ये 3 योगासन, हमेशा टेंशन फ्री रहेगा दिमाग

Yoga For Stress Relief : आज तेजी से बदलती लाइफस्टाइल के कारण लोगों में तनाव का स्तर काफी तेजी से बढ़ रहा है। यदि आप स्ट्रेस दूर करना चाहते हं, तो आपको हमारे बताए ये 3 योगासन जरूर करने चाहिए। आज हम आपको तनाव दूर करने वाले असरदार योगाभ्यास बताने जा रहे हैं।

Image

yoga for stress relief (Photo - Canva)

Yoga For Stress Relief : आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में तनाव यानी स्ट्रेस हमारी दिनचर्या का हिस्सा बन चुका है। ये तनाव गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं जैसे डिप्रेशन तक का रूप ले सकता है। ऐसे में इससे निजात पाने के लिए योग एक प्राकृतिक और प्रभावशाली विकल्प साबित हो सकता है। पिछले कुछ वर्षों में योग ने न केवल करोड़ों लोगों की सेहत में सुधार किया है, बल्कि यह मानसिक तनाव को भी कम कर खुशहाल जीवन दे रहा है।

आयुष मंत्रालय के मुताबिक, योग तनाव को कम करने में सहायक होता है। तनाव के दौरान हमारे शरीर में कॉर्टिसोल नामक हार्मोन का स्तर बढ़ जाता है, जो कई स्वास्थ्य समस्याओं को बढ़ा सकता है। योग के अभ्यास से यह हार्मोन नियंत्रित रहता है, जिससे तनाव में कमी आती है। इसके अलावा, योग हमारे नर्वस सिस्टम को संतुलित करने का काम करता है, जिससे दिमाग को शांति मिलती है।

बालासन

तनाव को कम करने के लिए बालासन एक बेहतरीन विकल्प है। इसे करने के लिए आपको पहले घुटनों के बल बैठना है और एड़ियों को साथ मिलाना है। अब धीरे-धीरे दोनों हाथों को ऊपर उठाकर सांस अंदर लेते हुए आगे की ओर झुक जाएं। इस अवस्था में पांच मिनट तक बने रहना चाहिए। बालासन दिमाग को शांत करता है और मानसिक थकान को दूर करता है। इसके नियमित अभ्यास से मानसिक तनाव में कमी देखने को मिलती है।

सुखासन

सुखासन तनाव नियंत्रण के लिए सरल लेकिन प्रभावशाली आसन है। इसे करने के लिए पालथी मारकर बैठ जाएं और फिर आंखें बंद कर गहरी सांस लें। इस दौरान रीढ़ की हड्डी को सीधा रखें। यह आसन तनाव के कारण होने वाले शारीरिक और मानसिक दबाव को कम करता है। जो लोग छोटी-छोटी बातों को लेकर जल्दी घबराते या चिंतित रहते हैं, उनके लिए सुखासन बेहद फायदेमंद होता है।

शवासन

शवासन को 'विश्राम की मुद्रा' भी कहा जाता है, जो मानसिक शांति और एकाग्रता बढ़ाने में मदद करता है। इसे करने के लिए बस आरामदायक स्थिति में पीठ के बल लेट जाएं। शरीर और मन दोनों को पूरी तरह विश्राम की स्थिति में लाएं। इससे नींद की गुणवत्ता सुधरती है और मानसिक तनाव घटता है। नींद की कमी और अनिद्रा से जूझ रहे लोगों के लिए शवासन वरदान साबित हो सकता है।

इनपुट - आईएएनएस

gulshan kumar
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लोगों की जीवनशैली, सेहत और वेलनेस से जुड़े विषयों पर लगातार काम कर रहे हैं। गुलशन अबतक 2,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। उनके लेखों में आसान भाषा में दी गई जानकारी, रिसर्च-बेस्ड टिप्स और रोजमर्रा की सेहत से जुड़े विषयों की स्पष्ट समझ दिखाई देती है। हेल्थ अवेयरनेस को बढ़ावा देना, फिटनेस को सरल तरीके से समझाना और बेहतर लाइफस्टाइल के लिए उपयोगी सुझाव देना—गुलशन की लेखन शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article