Moradabad Murder: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के थाना ठाकुरद्वारा क्षेत्र के फरीदनगर इलाके में हुई दिव्यांग प्रमोद कुमार की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। मकान पर कब्जा करने और उधारी की रकम को हड़पने के लालच में मृतक की शादीशुदा प्रेमिका पूजा उर्फ सुनीता ने अपने नाबालिग बेटे और एक अन्य कर्जदार साथी अबरार हुसैन के साथ मिलकर इस खूनी साजिश को अंजाम दिया था।
मंगलवार सुबह खून से लथपथ मिला था शव
एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 13 अक्टूबर 2026 (मंगलवार) को फरीदनगर क्षेत्र स्थित एक घर के भीतर व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी। प्रमोद बीते 15 वर्षों से ठाकुरद्वारा इलाके में रह रहे थे और लगभग डेढ़ साल पहले उन्होंने फरीदनगर रोड पर अपना मकान बनवाया था। मंगलवार सुबह जब दूध देने वाला व्यक्ति प्रमोद के घर पहुंचा, तो दरवाजे के पास खून फैला देखकर उसने तुरंत आसपास के लोगों व पुलिस को सूचना दी।
मकान कब्जाने और उधारी की रकम हड़पने का मकसद
पुलिस जांच और गहन पूछताछ के दौरान सामने आया कि प्रमोद कुमार घर में अकेले रहते थे और उनका पूजा उर्फ सुनीता नाम की महिला से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। पूजा की नजर प्रमोद के उस मकान पर थी जिसे उसने हाल ही में बनवाया था। मामले में शामिल दूसरा आरोपी अबरार हुसैन प्रमोद से ब्याज पर पैसे ले रखा था और कर्ज लौटाने से बचना चाहता था। तीनों ने मिलकर योजना बनाई कि प्रमोद को रास्ते से हटाकर उसके मकान व संपत्ति पर कब्जा कर लिया जाए और अबरार का कर्ज भी चुकता न करना पड़े। इसी नियत से मंगलवार तड़के तीनों आरोपी प्रमोद के घर में घुसे और हंसिया से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी।
आरोपी गिरफ्तार, हत्या में इस्तेमाल हंसिया बरामद
एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह के अनुसार, पुलिस टीम ने वैज्ञानिक साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर घटना में शामिल तीनों अभियुक्तों पूजा उर्फ सुनीता, अबरार हुसैन और पूजा के नाबालिग बेटे को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हुआ हथियार बरामद कर लिया है। सभी साक्ष्यों को साथ आरोपियों को अदालत में पेश किया जा रहा है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
