हेल्थ

जाते-जाते सेहत को बुरी तरह नुकसान पहुंचा सकता है मानसून, इन आयुर्वेदिक उपायों से रहें सेफ

आयुर्वेदाचार्यों का मानना है कि इस ऋतु में अगर आहार और दिनचर्या में सावधानी न बरती जाए तो मौसमी बीमारियां जल्दी जकड़ लेती हैं। रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाए रखने के लिए कुछ प्रभावी उपाय किए जा सकते हैं।

Image

जाते-जाते सेहत को बुरी तरह नुकसान पहुंचा सकता है मानसून, इन आयुर्वेदिक उपायों से रहें सेफ (Photo: Pexels)

मानसून अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। आयुर्वेद में इसे 'वर्षा ऋतु' के नाम से जाना जाता है और इस समय सबसे ज्यादा शरीर में वात दोष का प्रकोप देखा जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार, इस मौसम में वात दोष के असंतुलन के कारण स्नायु संबंधी विकार, जैसे जोड़ों में दर्द, पीठ दर्द और थकावट की समस्या बढ़ जाती है। साथ ही, पित्त का संचय भी शुरू हो जाता है, जिससे यकृत यानी लिवर, पित्ताशय और मूत्र मार्ग से जुड़ी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।

आयुर्वेदाचार्यों का मानना है कि इस ऋतु में अगर आहार और दिनचर्या में सावधानी न बरती जाए तो मौसमी बीमारियां जल्दी जकड़ लेती हैं। रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाए रखने के लिए कुछ प्रभावी उपाय किए जा सकते हैं।

आयुर्वेद में सबसे पहले, अदरक पाउडर के साथ गुनगुना पानी पीने की सलाह दी जाती है, जिससे पाचन तंत्र सक्रिय रहता है और वात का संतुलन बना रहता है।

दही और हरी पत्तेदार सब्जियों से इस मौसम में परहेज करना चाहिए क्योंकि इस ऋतु में पत्तेदार सब्जियों को साफ करना काफी मुश्किल होता है। मिट्टी, कीड़े और लार्वा जैसे तत्व पत्तों में इस कदर छुप जाते हैं कि साधारण पानी से धोने पर भी पूरी तरह साफ नहीं हो पाते हैं। वहीं नमी के कारण यह जल्दी सड़ भी जाते हैं, जिससे उनके खराब होने का खतरा बढ़ जाता है।

इसके अलावा, 'अभ्यंग,' यानी तेल से शरीर की मालिश, वात दोष को शांत करने का एक अति प्रभावी तरीका है। यह न केवल जोड़ों के दर्द में राहत देता है, बल्कि त्वचा और स्नायुओं को भी पोषण प्रदान करता है।

साथ ही, हल्का विरेचन केवल आयुर्वेदिक वैद्य की सलाह से लिया जाना चाहिए, जिससे पित्त नियंत्रित रहे और लिवर और किडनी पर कोई अतिरिक्त भार न पड़े।

आयुर्वेद में पंचकर्म को इस मौसम में विशेष रूप से लाभकारी माना गया है। यह न केवल रोगियों के लिए, बल्कि स्वस्थ लोगों के लिए भी प्रमुख उपाय है।

(इनपुट-आईएएनएस)

Suneet Singh
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों के अनुभव के साथ, सुनीत उन बहुमुखी पत्रकारों में शामिल हैं जिन्होंने न्यूजरूम और फील्ड—दोनों मोर्चों पर खुद को साबित किया है। माइक, कैमरा और एडिटिंग डेस्क तीनों से उनकी सहज जुगलबंदी ने उन्हें एक संतुलित और विश्वसनीय मीडिया प्रोफेशनल के रूप में स्थापित किया है। पिछले 10 वर्षों से सुनीत लाइफस्टाइल, लिटरेचर, सिनेमा और संस्कृति से जुड़ी गहन व विश्लेषणात्मक स्टोरीज लिखते रहे हैं और अबतक 12,000 से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। उनकी लेखन शैली गहराई, मौलिक दृष्टिकोण और रिसर्च-आधारित प्रस्तुति से पहचानी जाती है। वे विषयों की बारीकियों को पकड़कर उन्हें सरल, प्रभावी और पाठकों से जुड़ने वाली भाषा में ढालने में दक्ष हैं।

और पढ़ें
End of Article