हेल्थ

मोबाइल की लत से बच्चों में Anxiety की समस्या, मोटापे के भी हो रहे शिकार, गाजियाबाद स्वास्थ्य विभाग की चेतावनी

Addiction to mobile phones: मोबाइल की लत बच्चों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर बुरा असर डाल रही है। गाजियाबाद स्वास्थ्य विभाग ने चेतावनी दी है कि इससे बच्चों में एंग्जायटी की समस्या बढ़ रही है। लगातार स्क्रीन देखने से बच्चों का मोटापा भी तेजी से बढ़ रहा है।

Image

मोबाइल की लत के चलते बच्चे कई समस्याओं से घिर रहे हैं

Photo : iStock

Addiction to mobile phones: गाजियाबाद के स्वास्थ्य विभाग ने बच्चों में बढ़ती मोबाइल लत को लेकर एक महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अखिलेश मोहन द्वारा जारी इस सलाह में बताया गया है कि अत्यधिक मोबाइल उपयोग से बच्चों में व्यवहारिक समस्याएं, चिंता, तनाव और सामाजिक दूरी जैसी गंभीर समस्याएं सामने आ रही हैं।

स्वास्थ्य पर बुरा असर

एडवाइजरी में बताया गया है कि मोबाइल का अत्यधिक प्रयोग आंखों में तनाव, मोटापा, सिरदर्द, गर्दन और पीठ दर्द जैसी शारीरिक समस्याओं को जन्म देता है। इसके अलावा, यह बच्चों के खाने-पीने और सोने के पैटर्न को भी बाधित करता है, जिससे उनका संपूर्ण स्वास्थ्य प्रभावित होता है।

भावनात्मक और सामाजिक प्रभाव

मोबाइल की लत के चलते बच्चे जिम्मेदारियों से दूर भागने लगते हैं, सामाजिक मेल-जोल से कतराने लगते हैं, और अवसाद व चिंता जैसे लक्षण दिखाते हैं। साथ ही, वे अन्य कार्यों में भी रुचि नहीं लेते।

बचाव के उपाय

डॉ. मोहन ने सलाह दी कि माता-पिता को चाहिए कि वे बच्चों का स्क्रीन टाइम धीरे-धीरे कम करें, उन्हें बाहरी गतिविधियों और सामाजिक खेलों में शामिल करें। साथ ही, खुद भी मोबाइल का जिम्मेदार उपयोग करें और बच्चों के साथ गुणवत्तापूर्ण समय बिताएं।

खतरनाक व्यवहार में वृद्धि

स्वास्थ्य विभाग ने यह भी चेताया कि मोबाइल लत से बच्चे खतरनाक आदतों की ओर बढ़ सकते हैं, जैसे चलते समय मैसेज चेक करना, सड़क पर ध्यान न देना, स्कूल में प्रदर्शन गिरना, साइबर अपराध में संलिप्त होना और नशे की ओर झुकाव बढ़ना। चिंताजनक रूप से, आत्महत्या की प्रवृत्ति में भी वृद्धि देखी गई है।

मदद के लिए हेल्पलाइन

अगर कोई अभिभावक अपने बच्चे के व्यवहार में बदलाव महसूस करे, तो वे 'टेली-मानस हेल्पलाइन' 14416 पर कॉल करके मानसिक स्वास्थ्य संबंधी सलाह और परामर्श प्राप्त कर सकते हैं।

bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article