हरियाणा

Panipat News: ट्रक ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, एक को रौंदकर फरार; मजदूर की मौत

Panipat News: पानीपत के इसराना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से सत्येंद्र नाम के एक मजदूर की मौत हो गई। ड्यूटी से लौटते समय हुए इस हादसे में ट्रक ड्राइवर उसे कुचलकर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी ड्राइवर की तलाश जारी है।

Image

पानीपत में ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार को कुचला, मौत

पानीपत जिले के इसराना थाना क्षेत्र में आज यानी गुरुवार 4 दिसंबर की सुबह हुए सड़क हादसे में एक श्रमिक की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को एनसी मेडिकल कॉलेज भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों को इस दुर्घटना के बारे में सूचना देने के साथ ही जांच शुरू कर दी है। जिस ट्रक ने श्रमिक को टक्कर मारी थी, उसका ड्राइवर फिलहाल फरार है और पुलिस को उसकी तलाश है।

खबरों के अनुसार मृतक की पहचान सत्येंद्र के रूप में की गई है। वह अपने साथी सिकंदर (32), निवासी पटना, बिहार, के साथ परढाना में मौजूद एक प्राइवेट फैक्ट्री में काम करता था। बुधवार 3 दिसंबर की रात दोनों ड्यूटी खत्म कर आज सुबह मोटरसाइकिल से इसराना स्थित अपने किराए के कमरे की ओर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी मोटरसाइकिल इसराना फाटक के पास बनी कॉलोनी के सामने पहुंची, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही बाइक पर पीछे बैठा सत्येंद्र उछलकर सड़क पर गिर गया। इससे पहले कि वह संभल पाता, ट्रक उसे कुचलते हुए आगे निकल गया। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर ने कुछ दूरी पर ट्रक रोका और फिर मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल सत्येंद्र को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच पायी।

दुर्घटना के बारे में सूचना मिलने पर इसराना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जरूरी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि फरार ट्रक ड्राइवर का सुराग मिल सके। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article