हरियाणा

Haryana News: हरियाणा में बॉस्केटबॉल खिलाड़ियों की मौत पर खेल विभाग ने जिम्मेदारी से झाड़ा पल्ला, दे दी क्लीन चिट

हरियाणा के रोहतक और झज्जर में बास्केटबॉल पोल गिरने से दो खिलाड़ियों की मौत हो गई थी। इन दोनों मामलों में खेल विभाग ने खुद को क्लीन चिट दे दी। जिला खेल अधिकारियों की रिपोर्ट में कहा गया कि दोनों ही जगह खेल विभाग के अधीन नहीं थे, वहां पर बास्केटबॉल प्रशिक्षक या खेल नर्सरी भी नहीं थी। डिप्टी डायरेक्टर और खेल विभाग के सचिव ने इन रिपोर्टों को सही मानते हुए खेल विभाग को क्लीन चिट दे दी।

Haryana player death

बास्केटबॉल खिलाड़ी हार्दिक की हादसे में मौत

Haryana News: हरियाणा में अलग-अलग जिलों में हुई घटनाओं में दो खिलाड़ियों की मौत के मामले में खेल विभाग ने खुद को क्लीन चिट दे दी है। रोहतक के लाखनमाजरा में बास्केटबॉल पोल गिरने से खिलाड़ी हार्दिक (17) की जान चली गई थी। वहीं झज्जर के बहादुरगढ़ में शहीद ब्रिगेडियर होशियार सिंह स्टेडियम में जर्जर बास्केटबॉल पोल गिरने से घायल 15 वर्षीय खिलाड़ी अमन की मौत हो गई थी। दोनों खिलाड़ियों की मौत से खेल विभाग ने अपना पल्ला झाड़ लिया है।

न्यूज एजेंसी IANS के अनुसार, रोहतक और झज्जर के जिला खेल अधिकारियों ने बास्केटबॉल के पोल टूटने से दो खिलाड़ियों की मौत के मामले में रिपोर्ट डिप्टी डायरेक्टर को सौंपी। रोहतक के जिला खेल अधिकारी ने लिखा, "बास्केटबॉल खिलाड़ी हार्दिक सुपुत्र सन्दीप, निवासी गांव लाखनमाजरा, जिला रोहतक का अभ्यास के दौरान खिलाड़ी के ऊपर बास्केटचाल पोल के गिरने से आकस्मिक निधन के सम्बन्ध में अपनी रिपोर्ट विभाग की सेवा में भेजी गई है। खिलाड़ी जिस वास्केटबाल कोर्ट में अभ्यास कर रहा था वह जगह जमीन ब्लॉक समिति, लाखनमाजरा के अधीन है। यह जगह / वास्केटबाल कोर्ट खेल विभाग के अधीन नहीं है और न ही लाखनमाजरा में खेल विभाग, हरियाणा द्वारा वर्तमान में बास्केटबाल खेल की कोई खेल नर्सरी अलॉट की हुई है। वर्तमान में गांव लाखनमाजरा में विभाग द्वारा केवल कबडडी खेल की खेल नर्सरी अलॉट की हुई है। गांव लाखनमाजरा में बास्केटबाल खेल का कोई भी विभागीय प्रशिक्षक नियुक्त नहीं है। जिला खेल अधिकारी, रोहतक द्वारा भेजी गई रिपोर्ट सही है।"

खेल विभाग सचिव ने रिपोर्ट को माना सही

वहीं झज्जर के खेल अधिकारी ने अपनी रिपोर्ट में लिखा, "शहीद ब्रिगेडियर होशियार सिंह स्टेडियम, बहादुरगढ़ में बास्केटबॉल पोल गिरने से अमन (15 वर्ष), पुत्र सुरेश कुमार घायल हो गए थे और उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। यह खेल स्टेडियम खेल विभाग के अधीन नहीं है। खेल विभाग द्वारा इस स्टेडियम में कुश्ती हॉल का निर्माण करवाया गया था जिसमें कुश्ती के खिलाड़ियों की मांग अनुसार विभागीय प्रशिक्षक संजय कुमार, कुश्ती प्रशिक्षक का प्रशिक्षण केंद्र/खेल नर्सरी स्थापित है। उक्त स्टेडियम में बास्केटबॉल खेल का कोई भी प्रशिक्षण केंद्र खेल विभाग द्वारा संचालित नहीं किया गया है। अतः उक्त घटना का खेल विभाग से किसी प्रकार का कोई भी संबंध नहीं है।" डिप्टी डायरेक्टर स्तर के अधिकारी ने जांच को सही मानते हुए उसे मुख्यालय भेज दिया। हरियाणा के खेल विभाग के सचिव ने भी रिपोर्ट को सही मानते हुए जिला खेल विभागों को क्लीन चिट दे दी।

(इनपुट - IANS)

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। हरियाणा (Haryana News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

लेटेस्ट न्यूज

Pooja Kumari
Pooja Kumari Author

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी... और देखें

End of Article