Gurugram News: गुरुग्राम में अपहरण के लिए एक आरोपी ने पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश की। लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। मेडिकल जांच के लिए उसे सिविल अस्पताल लाया गया था। जहां से उसने दीवार कूदकर भागने की कोशिश की। लेकिन वह सीधे क्राइम ब्रांच के ऑफिस में ही पहुंच गया। दरअसल अस्पताल के बगल वाले जिस परिसर में वह कूदा था, वह अपराध शाखा का कार्यालय था। जिससे उसकी दीवार फांदकर फरार होने की कोशिश नाकाम हो गई।
डेटिंग ऐप के जरिए युवक का अपहरण
पुलिस के अनुसार, डेटिंग ऐप के जरिए दोस्ती करके 20 वर्षीय एक युवक का अपहरण करने के आरोप में रविवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों ने 37,000 रुपये की फिरौती भी मांगी थी। आरोपियों की पहचान अजय, दीपेश, आशीष उर्फ गोलू और अनिल के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि उन्हें शहर की एक अदालत में पेश करने के बाद दो दिन की पुलिस हिरासत में लिया गया है।
हिरासत से भागने के प्रयास के लिए भी केस दर्ज
पुलिस ने बताया कि मंगलवार को चारों आरोपियों को मेडिकल जांच के लिए सेक्टर-10 के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां एक आरोपी आशीष ने भागने की कोशिश की, लेकिन उसकी कोशिश को सतर्क पुलिस ने नाकाम कर दिया। पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश के आरोप में सेक्टर 10 थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत उक्त आरोपी के खिलाफ अलग से मामला दर्ज किया गया है। उसने बताया, ‘‘आरोपी से पूछताछ की जा रही है।’’
(इनपुट - भाषा)
