Noida Double Suicide: एक ही फंदे से लटके मिले लड़का-लड़की के शव, गोरखपुर से आकर नोएडा में की आत्महत्या

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 26, 2022, 05:14 PM IST

Noida Double Suicide: गोरखपुर के रहने वाले 22 वर्षीय युवक और एक युवती के शव ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र में एक पेड़ से लटके मिले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है।

Noida Double Suicide: एक ही फंदे से लटके मिले लड़का-लड़की के शव, गोरखपुर से आकर नोएडा में की आत्महत्या
Photo Credit: Times of India

Noida Double Suicide: ग्रेटर नोएडा के थाना दादरी क्षेत्र के गांव रूपवास बाईपास के पास रेलवे ट्रैक के किनारे बबूल के पेड़ से एक लड़का और लड़की लटके मिले। पेड़ से शवों के लटके होने की सूचना मिलते ही शुक्रवार की देर शाम पुलिस मौके पर पंहुची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मृतक युवक की पहचान गोरखपुर निवासी 22 वर्षीय रवि चंद के रूप में हुई है जबकि युवती की कोई पहचान नहीं हो सकी है। 

इलाके में फैल गई खबर
दादरी क्षेत्र के गांव रूपवास के पास पेड़ पर लटके युवक युवती के शव की खबर इलाके में आग की तरह फैल गई। बताया जा रहा है कि युवक-युवती का शव रूपवास बाइपास के किनारे रेलवे लाइन के दूसरी तरफ पेड़ से एक ही स्टाल (दुपट्टे) से गले मेें फंदा लगने के साथ लटकी अवस्था में मिले। लड़के की जेब से एक आधार कार्ड मिला है जिस पर रवि चंद पुत्र राम सहाय ग्राम बढैया पार गोरखपुर उम्र लगभग 22 वर्ष लिखा है। वहीं मृतक युवती की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस युवती की शिनाख्त के प्रयास में जुट गई है। पुलिस का मानना है कि दोनों प्रेमी जोड़े हैं और हर एंगल से जांच में जुट गई है।

जेब से निकले अहम सुराग
एडिशनल डीसीपी विशाल पांडेय ग्रेनो ने बताया कि युवक की जेब से ट्रेन के दो टिकट मिले हैं। यह टिकट दिल्ली से गोरखपुर के लिए हैं। युवक की जेब में एक आधार कार्ड मिला है। जिसके आधार पर उसकी पहचान हो सकी। शुरुआती जांच में ऐसा लग रहा है कि युवक और युवती ने प्रेम प्रसंग के चलते आत्महत्या की है। हालांकि, पुलिस ने दोनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। 

बहन से झगड़कर आया था लड़का
बताया गया कि युवक की बहन से फोन पर हुई बात में पता चला है कि रविचंद्र चार दिन पहले गोरखपुर में अपनी बहन से लड़ाई करके ग्रेटर नोएडा आया था। घटना स्थल पर एक स्टूल भी मिला है। पुलिस को प्रेम प्रसंग के चलते आत्महत्या का मामला लग रहा है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है साथ ही बताया गया कि इस पूरे मामले में एक और बात सामने आई है कि युवती के कपड़े और पहनावे से ऐसा प्रतीत होता है कि उसकी हाल ही में शादी हुई है। सही तरीके से खुलासा करने के लिए पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। वहीं, दूसरी ओर दादरी कस्बे और कुछ इलाकों में युवती की पहचान करने का प्रयास किए जा रहे हैं।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!