Faridabad Crime: पुलिस को चकमा देकर भाग रहे गोतस्करों का किया पीछा तो चला दी गोली, फिर ऐसे किया गिरफ्तार

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 13, 2022, 03:24 PM IST

Faridabad Crime: फरीदाबाद पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद दो गोतस्‍करों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी कैंटर में सात गायों को लेकर जा रहे थे। तभी पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की। जिसके बाद बदमाशों ने पुलिस पर गोलियां चला दीं। बाद में पुलिस ने सड़क पर कांटे बिछाकर कैंटर के टायर पंक्चर किया और दोनों गोतस्‍करों को गिरफ्तार कर लिया।

Faridabad Crime: पुलिस को चकमा देकर भाग रहे गोतस्करों का किया पीछा तो चला दी गोली, फिर ऐसे किया गिरफ्तार
Photo Credit: Representative Image

Faridabad Crime: फरीदाबाद पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद दो गोतस्‍करों को फिल्मी स्टाइल में गिरफ्तार किया है। ये गोतस्‍कर कैंटर में सात गायों को लेकर जा रहे थे, उसी दौरान नाके पर तैनात धौज थाना पुलिस ने जांच के लिए कैंटर को रोकने की कोशिश की। जिस पर बदमाशों ने पुलिस पर गोलियां चला दीं।

जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर बदमाशों को रोकने की कोशिश की, लेकिन बदमाश कैंटर को भगाते रहे। बाद में पुलिस ने सड़क पर कांटा बिछाकर कैंटर के टायर पंक्चर किया और दोनों गोतस्‍करों को गिरफ्तार कर लिया।

नाका तोड़कर भागे आरोपी, बाल-बाल बचे पुलिसकर्मी

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक कैंटर और उसमें भरी सात गायों को भी बरामद किया है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया  है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपितों की पहचान आमीन और साबिर के रूप में की है। दोनों बदमाश गांव आलमपुर के रहने वाले हैं। धौज थाना प्रभारी महेंद्र पाठक ने बताया कि, उनकी टीम को गुप्‍त सूचना मिली थी कि, कुछ गोतस्‍कर गायों को कैंटर में भरकर नूंह ले जा रहे हैं। जिसके आधार पर उनकी टीम ने गांव पाली के पास नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद ही एक सड़क पर एक कैंटर आता दिखाई दिया। जिसे वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने जब रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग करने के साथ कैंटर की स्पीड बढ़ा दी। इसमें पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।

इसके बाद गोतस्कर नाका तोड़कर भागने लगे। जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी शुरू की और आगे जाकर एक टीम ने सड़क पर कांटे बिछा दिया, उसमें कैंटर के चारों टायर पंक्चर हो गए। मजबूरन चालक को कैंटर रोकना पड़ा और उसमें सवार लोग भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि, उनके साथ 10 लोग शामिल थे। पुलिस ने कैंटर से सात गायों को छुड़वाया। कैंटर से दो खाली कारतूस भी बरामद हुए। बाकी आरोपितों की तलाश की जा रही है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!