एक्सप्लेनर्स

'विनेश फोगाट को मिलेगा न्याय', राहुल गांधी ने जताई उम्मीद; पीएम मोदी ने की पीटी उषा से बात! जानें किसने क्या कहा

Paris Olympic: विनेश फोगाट के अयोग्य घोषित होने पर राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रतिक्रिया दी है। राहुल ने कहा कि विनेश का अयोग्य घोषित किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि देश की बेटी को न्याय मिलेगा। वहीं PM मोदी ने पीटी उषा से की बात है।

Image

विनेश फोगाट के लिए किसने क्या कहा।

Vinesh Phogat Disqualification: क्या विनेश फोगाट के साथ पेरिस ओलंपिक में नाइंसाफी हुई है, यदि हां... तो क्या उन्हें इंसाफ मिलेगा? ये सवाल इसलिए उठ रहा है, क्योंकि कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने विनेश को इंसाफ दिलाए जाने की उम्मीद जताई है। साथ ही सूत्रों के हवाले से ये भी खबर सामने आ रही है कि पीएम मोदी ने विनेश के अयोग्य करार दिए जाने के बाद भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) की अध्यक्ष पीटी उषा से बात की है। हालांकि नियम के मुताबिक अब विनेश को तालिका में आखिरी स्थान पर रहना होगा।

फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पहलवान विनेश फोगाट को पेरिस ओलंपिक के फाइनल से पहले वजन अधिक होने के कारण अयोग्य करार दिए जाने को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए बुधवार को उम्मीद जताई कि भारतीय ओलंपिक संघ इस निर्णय को मजबूती से चुनौती देकर देश की बेटी को न्याय दिलाएगा। विनेश फोगाट को महिलाओं की 50 किलोग्राम कुश्ती स्पर्धा के फाइनल से पहले वजन अधिक पाये जाने के कारण बुधवार को ओलंपिक से अयोग्य घोषित कर दिया गया। विनेश ने ओलंपिक फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बनकर इतिहास रचा था। उन्हें आज देर रात स्वर्ण पदक का मुकाबला खेलना था।

विनेश को न्याय मिलने की उम्मीद, बोले राहुल गांधी

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, 'विश्वविजेता पहलवानों को हरा कर फाइनल में पहुंचीं भारत की शान विनेश फोगाट का तकनीकी आधार पर अयोग्य घोषित किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। हमें पूरी उम्मीद है कि भारतीय ओलंपिक संघ इस निर्णय को मजबूती से चुनौती देकर देश की बेटी को न्याय दिलाएगा।' उन्होंने कहा कि विनेश हिम्मत हारने वालों में से नहीं हैं तथा पूरा भरोसा है कि वह अखाड़े में और अधिक मजबूती से वापसी करेंगी। राहुल गांधी ने कहा, 'आपने हमेशा देश को गौरवान्वित किया है विनेश। आज भी पूरा देश आपकी ताक़त बनकर आपके साथ खड़ा है।

प्रियंका गांधी वाड्रा ने विनेश फोगाट के लिए क्या कहा?

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी विनेश फोगाट के अयोग्य घोषित होने पर सोशल मीडिया पर टिप्पणी की। उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा, ''प्यारी बहन विनेश फोगाट, मैंने आपके साहस, आपकी मेहनत और लगन को देखा है। आप ओलंपिक के दंगल में देश की करोड़ों लड़कियों के सपनों के लिए लड़ रही थीं। आपके शानदार खेल से उन करोड़ों लड़कियों के सपनों को उड़ान मिली है, जो छोटे-छोटे शहरों से आती हैं, तमाम चुनौतियों से जूझते हुए, सिस्टम से लड़ते हुए, विपरीत हालातों को हराकर बड़े मंचों पर पहुंचने की आकांक्षा रखती हैं। आपके शानदार खेल ने पूरे देश को गर्व से भर दिया। तमाम चुनौतियों से लड़ते हुए अपनी अथक मेहनत से आप जिस मुकाम तक पहुंचीं, वो आसान नहीं था। आपकी इस अविश्वसनीय यात्रा से करोड़ों सपनों को बल मिला है।''

उन्होंने आगे लिखा, 'इस मुश्किल समय में करोड़ों देशवासी उसी उत्साह के साथ आपके साथ खड़े हैं, जैसा पूरे कंप्टीशन के दौरान थे। मेरी बहन, खुद को अकेले मत समझना और याद रखना कि आप हमारी चैंपियन थीं और आप हमेशा हमारी चैंपियन रहेंगी। मुझे पूरा भरोसा है कि आप और ज्यादा मजबूत तरीके से वापसी करेंगी। ढेर सारा प्यार।'

PM मोदी ने पीटी उषा से की बात, मांगी जानकारी

पेरिस ओलंपिक में भारतीय महिला रेसलर विनेश फोगाट के अयोग्य घोषित होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की अध्यक्ष पीटी उषा से बात की है। पीएम मोदी ने उनसे इस मुद्दे और विनेश फोगाट के बाहर होने के बाद भारत के पास मौजूद विकल्पों के बारे में जानकारी मांगी है।

vinesh phogat

पीएम ने विनेश फोगाट का हौसला बढ़ाया।

सूत्रों के अनुसार, पीएम मोदी ने पीटी उषा से विनेश के मामले में सभी विकल्पों का पता लगाने के लिए कहा है। उन्होंने पीटी उषा से यह भी आग्रह किया है कि अगर इससे विनेश फोगाट को मदद मिलती है तो वह अपनी अयोग्यता के संबंध में कड़ा विरोध दर्ज कराएं।

रणदीप सुरजेवाला ने किया नफरती षड्यंत्र का दावा

कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने दावा किया कि विनेश का अयोग्य किया जाना बहुत बड़ा ‘नफरती षड्यंत्र’ है। सुरजेवाला ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, '140 करोड़ भारतवासी स्तब्ध हैं, खेल इतिहास का यह “काला दिवस” है। यह एक बहुत बड़ा “नफरती षड्यंत्र” है।' उन्होंने दावा किया, 'पहले, कुश्ती संघ के अध्यक्ष, भाजपा के उस समय के (नरेन्द्र) मोदी जी के चहेते सांसद, बृजभूषण शरण सिंह ने देश की विश्व चैंपियन बेटी को शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना से सताया, फिर भाजपाइयों ने देश की इस बेटी को जंतर मंतर की सड़कों पर पुलिस से घिसटवाया, फिर मोदी सरकार ने इस बेटी पर प्राथमिकी दर्ज करवाई। विनेश ने फिर भी कभी साहस, शौर्य व धैर्य नहीं गंवाया।'

सुरजेवाला ने कहा, 'पेरिस ओलंपिक में विनेश ने विश्व की अजेय पहलवान यूई सुसाकी व दो और चैंपियन पहलवानों को हराया व देश का तिरंगा लहराया, पर षड्यंत्रकारियों को यह भी रास नहीं आया।' उन्होंने सवाल किया, 'कौन है जिसे विनेश फोगाट की जीत हज़म नहीं हुई ? किसने हरियाणा और देश की बेटी की पीठ में छुरा घोंपा? किसने किया ताक़त का बेज़ा इस्तेमाल? किसका चेहरा बचाने की हुई कोशिश?' सुरजेवाला ने कहा, 'हरियाणा व देश का बच्चा बच्चा विनेश के साथ है, हमारे लिए वह ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता है।'

वजन अधिक होने के कारण विनेश अयोग्य घोषित

विनेश फोगाट को महिलाओं की 50 किलो कुश्ती स्पर्धा के फाइनल से पहले वजन अधिक पाये जाने के कारण बुधवार को ओलंपिक से अयोग्य घोषित कर दिया गया। विनेश ने ओलंपिक फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बनकर इतिहास रचा था। उन्हें आज देर रात स्वर्ण पदक का मुकाबला खेलना था। एक भारतीय कोच ने कहा, 'सुबह उसका वजन 100 ग्राम अधिक पाया गया। नियम इसकी अनुमति नहीं देते और उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया है।'

Why Was VInesh Phogat Disqualified From Olympics 2024

विनेश फोगाट पेरिस ओलंपिक से क्यों हुईं अयोग्य घोषित?

विनेश के लिए पीएम मोदी ने क्या कुछ कहा?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विनेश की हौसलाअफजाई करते हुए कहा कि वह भारत का गौरव हैं और उन्हें मजबूती से वापसी करनी है। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'विनेश आप चैम्पियनों में चैम्पियन हो। आप भारत का गौरव हो और हर भारतीय के लिये प्रेरणास्रोत हो।' उन्होंने आगे लिखा, 'आज के झटके से दुख पहुंचा है। काश मैं शब्दों में बता पाता कि इस समय कितना मायूस हूं। लेकिन मुझे पता है कि आप फिर वापसी करोगी। चुनौतियों का डटकर सामना करना आपके स्वभाव में है। मजबूती से वापसी करो। हम सभी आपके साथ हैं।'

क्या कहते हैं नियम, आखिरी स्थान पर होंगी विनेश

अयोग्य घोषित होने के मायने हैं कि उन्हें खेलों से खाली हाथ लौटना होगा क्योंकि अंतरराष्ट्रीय नियमों के तहत वजन अधिक पाये जाने पर पहलवान आखिरी तालिका में अंतिम स्थान पर रहता है। भारतीय ओलंपिक संघ ने बाद में विनेश के अयोग्य घोषित होने की पुष्टि करते हुए उनकी निजता का सम्मान करने के लिये कहा, 'हमें यह खबर देते हुए खेद हो रहा है कि विनेश फोगाट महिला कुश्ती के 50 किलो वर्ग से अयोग्य घोषित कर दी गई है। पूरी रात टीम के अथक प्रयासों के बावजूद सुबह उसका वजन 50 किलो से अधिक पाया गया।'

Vinesh Phogat, Paris Olympics 2024, Paris Olympics 2024 Updates, Paris Olympics 2024 News, Paris Olympics, Olympics 2024,

विनेश फोगाट। (फोटो- WFI)

इसमें कहा गया, 'भारतीय दल इस समय कोई और बयान नहीं देगा। भारतीय टीम आपसे विनेश की निजता का सम्मान करने का अनुरोध करती है। भारतीय दल इस समय आगामी स्पर्धाओं पर फोकस करना चाहेगा।' विनेश ने पहले ही मुकाबले में मौजूदा चैम्पियन युइ ससाकी को हराया था। उन्हें फाइनल में अमेरिका की सारा एन हिल्डब्रांट से खेलना था। इससे पहले इटली की एमैन्युएला लियुजी को भी वजन अधिक पाये जाने के कारण पहले दौर का मुकाबला गंवाना पड़ा था।

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article