What is Gerrymandering: चुनाव में जीत के लिए अक्सर वोट प्रतिशत बढ़ाने, बूथ प्रबंधन मजबूत करने और मतदाताओं का भरोसा जीतने की बात होती है। लेकिन क्या कोई राजनीतिक दल बिना अपना वोट प्रतिशत बढ़ाए और बिना किसी मतदाता का नाम सूची से कटवाए भी चुनावी नतीजों को अपने हक में मोड़ सकता है? राजनीति के जानकार मानते हैं कि चुनावी क्षेत्रों की सीमाओं में फेरबदल करके ऐसा संभव है, और इसी रणनीति को ‘जेरीमैडरिंग’ कहा जाता है। भारत में परिसीमन को लेकर चल रही सियासी बहस के बीच यह शब्द एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गया है। क्या है जेरीमैडरिंग (Gerrymandering) और कैसे काम करती है? इसे विस्तार से समझते हैं।
क्या है जेरीमैडरिंग?
दरअसल, विपक्ष को आशंका है कि चुनावी क्षेत्रों की सीमाओं में इस तरह बदलाव किए जा सकते हैं, जिसका फायदा 2029 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को मिले, और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी इस पर सवाल उठा चुके हैं। इसी सियासी बहस के बीच जेरीमैडरिंग शब्द चर्चा में आ गया है। जेरीमैडरिंग चुनाव का एक ऐसा खेल, जिसमें वोट से पहले चुनावी नक्शे की अहमियत बढ़ जाती है। चुनाव में सिर्फ वोट ही नहीं, बल्कि चुनावी क्षेत्रों की सीमाएं भी नतीजों को प्रभावित कर सकती हैं? किसी राजनीतिक दल को चुनावी फायदा पहुंचाने के मकसद से चुनावी क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव करने को जेरीमैंडरिंग कहा जाता है। इसी प्रक्रिया को जेरीमैडरिंग कहा जाता है। इसमें चुनावी क्षेत्रों की सीमाएं इस तरह तय की जाती हैं कि किसी खास राजनीतिक दल को फायदा मिल सके।
कैसे खींची जाती हैं सीमाएं?
किसी देश या राज्य को चुनाव के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में बांटा जाता है। इन क्षेत्रों की सीमाएं तय करते समय आबादी और भौगोलिक स्थिति जैसे पहलुओं को ध्यान में रखा जाता है। लेकिन जब इन सीमाओं को राजनीतिक फायदे के हिसाब से बनाया या बदला जाता है, तो यही प्रक्रिया जेरीमैडरिंग कहलाती है। इसमें दो प्रक्रियाएं होती हैं-
पैकिंग
किसी एक पार्टी के ज्यादा वोटरों को एक ही चुनावी क्षेत्र में समेट दिया जाता है। इससे वह पार्टी एक सीट पर भारी बहुमत से जीत सकती है, लेकिन आसपास की सीटों पर उसका प्रभाव कम हो जाता है।
क्रैकिंग
किसी पार्टी के वोटरों को अलग-अलग क्षेत्रों में बांट दिया जाता है, ताकि वे किसी भी सीट पर बहुमत हासिल न कर सकें।
नक्शे से कैसे बदलता है चुनावी गणित?
मान लीजिए किसी इलाके में दो पार्टियों के वोट लगभग बराबर हैं। अगर सीमाएं इस तरह बनाई जाएं कि एक पार्टी के वोटर कुछ चुनिंदा सीटों में केंद्रित हो जाएं और दूसरी पार्टी के वोटर कई क्षेत्रों में बंट जाएं, तो सीटों का परिणाम बदल सकता है। यानी कुल वोटों का अनुपात और जीती गई सीटों का अनुपात अलग-अलग हो सकता है।
- जेरीमैंडरिंग को लेकर सबसे बड़ी चिंता चुनावी निष्पक्षता और मतदाताओं के प्रतिनिधित्व की है
- किसी पार्टी को सीमाओं के जरिए अनुचित फायदा मिल सकता है
- कुछ मतदाताओं के वोट का चुनावी प्रभाव कम हो सकता है
- सीटों का बंटवारा जनता की वास्तविक राजनीतिक पसंद से अलग दिखाई दे सकता है
- चुनावी मुकाबला कम प्रतिस्पर्धी बन सकता है
कहां से जेरीमैंडरिंग शब्द?
बात 1812 की है, जब अमेरिका के मैसाचुसेट्स राज्य में चुनाव क्षेत्रों की सीमाओं को नए सिरे से खींचा गया। उस समय राज्य के गवर्नर एल्ब्रिज गैरी (Elbridge Gerry) थे और उनकी पार्टी, डेमोक्रेटिक-रिपब्लिकन पार्टी को फायदा पहुंचाने के लिए क्षेत्रों की सीमाएं इस तरह बदली गईं कि बोस्टन के आसपास का एक चुनावी क्षेत्र बेहद टेढ़ा-मेढ़ा और अजीबोगरीब आकार का बन गया। आलोचकों और अखबारों को उस नक्शे की आकृति ‘सैलामैंडर’ (छिपकली जैसा एक जीव) से मिलती-जुलती लगी। 26 मार्च 1812 को ‘बोस्टन गजट’ अखबार में इस पर एक व्यंग्य कार्टून छपा, जिसमें उस अजीब आकार के क्षेत्र को पंखों और पंजों वाले सैलामैंडर के रूप में दिखाया गया और शीर्षक दिया गया— ‘द जैरि-मैंडर’ (The Gerry-mander)। यहीं से Gerry और Salamander को जोड़कर Gerrymander शब्द अस्तित्व में आया। 1812 के मैसाचुसेट्स चुनाव में भले ही गवर्नर गैरी खुद हार गए, लेकिन बदली हुई सीमाओं के चलते उनकी पार्टी राज्य सीनेट में बड़ी संख्या में सीटें जीतने में सफल रही, जबकि विपक्षी फेडरलिस्ट पार्टी को कुल वोट अधिक मिलने के बावजूद कम सीटें मिलीं।
विपक्ष को किन बातों की आशंका?
विपक्ष का मानना है कि भले ही सीटों का अनुपात तय हो जाए, लेकिन हर राज्य के भीतर नई सीटों और सीमाओं को खींचने के तरीके से 2029 के लोकसभा चुनावों में सत्ताधारी भाजपा को फायदा मिल सकता है। विपक्षी दलों को आशंका है कि मतदाताओं को भौगोलिक रूप से इस तरह बांटा या समेटा जा सकता है, जिससे विपक्षी समर्थकों का प्रभाव सीमित हो जाए और सत्ता पक्ष बिना वोट प्रतिशत बढ़ाए ज्यादा सीटें जीत सके। विपक्ष ने 2023 के असम परिसीमन का उदाहरण देते हुए कहा है कि वहां सीमाओं और आरक्षण के बदलावों ने कुछ इलाकों के चुनावी समीकरणों को बदल दिया, जिससे विपक्ष को नुकसान और सत्ता पक्ष को लाभ पहुंचने का आरोप लगा। परिसीमन आयोग के फैसलों को कानून का दर्जा मिलता है, जिन्हें अदालत में चुनौती नहीं दी जा सकती और जिनमें संसद या विधानसभाएं बदलाव नहीं कर सकतीं। इसलिए विपक्ष को डर है कि प्रक्रिया में राजनीतिक प्रभाव या पक्षपात हुआ तो उसे सुधारना मुश्किल होगा। विपक्ष का यह भी तर्क है कि सीटों की कुल संख्या लगभग 50% तक बढ़ने से राज्यों के बीच सीटों की संख्या का अंतर बढ़ सकता है, जिससे दक्षिणी राज्यों या कम जनसंख्या वृद्धि वाले राज्यों की व्यावहारिक राजनीतिक ताकत पर असर पड़ सकता है।