Times Now Navbharat
live-tv
Premium

सौरव दास के एयरपोर्ट पर रोक से हाईकोर्ट में नागरिकता पर सवाल तक, क्या है LOC और पासपोर्ट का पूरा मामला

कॉकरोच जनता पार्टी के सह-संयोजक सौरभ दास को लंदन जाने से रोके जाने, लुकआउट सर्कुलर (LOC), पासपोर्ट विसंगतियों और पासपोर्ट कॉपी लीक होने के पूरे मामले को आसान भाषा में समझें। जानें हाईकोर्ट में सरकार ने क्या दलीलें दीं और आगे क्या होगा।

Image
पासपोर्ट विसंगतियों, लुकआउट सर्कुलर और डेटा लीक की कहानी
Authored by: निशांत तिवारी
Updated Nov 27, 2026, 15:18 IST
Follow on Google News

बीते कुछ दिनों का हाल सुनिए, एक राजनीतिक कार्यकर्ता की लंदन उड़ान रुकती है, फिर पासपोर्ट की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तैरने लगती हैं और मामला दिल्ली हाईकोर्ट होते हुए 'नागरिकता' तक जा पहुंचता है। बात किसी से छिपी नहीं है, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के को-ऑर्डिनेटर सौरव दास का यह पूरा प्रकरण अब महज एक यात्रा प्रतिबंध या प्रशासनिक नोटिस तक सीमित नहीं रहा है। इसमें लुकआउट सर्कुलर (LOC), पासपोर्ट अधिनियम, नागरिकता की संभावित जांच और निजता के अधिकार जैसे कई सवाल जुड़ते चले गए हैं। आइए इस पूरे मामले को सिलसिलेवार और कानूनी नजरिए से समझते हैं कि आखिर हुआ क्या है, विवाद की जड़ कहां है और आगे क्या होने वाला है।

पूरा मामला क्या है?

इस घटनाक्रम की जड़ें अगस्त 2026 से जुड़ी हैं, लेकिन यह सार्वजनिक तौर पर तब बड़ा मुद्दा बना जब सौरव दास को विदेश जाने से रोक दिया गया।

20 अगस्त 2026: इस दिन पुडुचेरी के SSP ने सौरव दास के जन्मस्थान, पते और माता-पिता से संबंधित जानकारियों को लेकर मिली शिकायतों के आधार पर जांच शुरू की।

22-23 नवंबर 2026 की दरम्यानी रात: मुंबई पुलिस के अनुरोध पर सौरव दास के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया। बता दें कि इस सर्कुलर का इस्तेमाल किसी संदिग्ध, वांछित व्यक्ति या जांच के दायरे में आए व्यक्ति की आवाजाही पर नजर रखने या उसे देश छोड़ने से रोकने के लिए किया जाता है।

23 नवंबर 2026: चेन्नई के क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (RPO) ने दास को कारण बताओ नोटिस जारी किया। उन्हें 30 नवंबर तक जन्मस्थान से जुड़े मसले पर दस्तावेजों सहित स्पष्टीकरण देने को कहा गया और जांच पूरी होने तक पासपोर्ट का इस्तेमाल न करने की सलाह दी गई। इसी रात दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI) पर इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें लंदन जाने वाली फ्लाइट में चढ़ने से रोक दिया। वे यूके में ऑक्सफोर्ड यूनियन सहित अन्य मंचों पर 'कॉकरोच मूवमेंट' से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल होने वाले थे।

25-26 नवंबर 2026: यात्रा पर रोक को चुनौती देते हुए सौरभ दास ने दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट में सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार ने LOC और नागरिकता से जुड़े पहलुओं की जानकारी दी। इसी बीच सोशल मीडिया पर उनके पासपोर्ट के पहले पन्ने की तस्वीरें वायरल होने लगीं, जिसके बाद दास ने डेटा लीक का आरोप लगाते हुए आपराधिक शिकायत दर्ज कराने की घोषणा की।

पासपोर्ट में किन 'गड़बड़ियों' पर विवाद है?

दिल्ली हाईकोर्ट में केंद्र सरकार और पासपोर्ट प्राधिकरण की ओर से रखी गई दलीलों तथा जांच से जुड़े विवरणों के मुताबिक, विवाद के केंद्र में मुख्य रूप से ये बिंदु हैं:

जन्मस्थान में अंतर: 21 अगस्त 2019 को चेन्नई RPO से जारी हुए उनके पासपोर्ट में जन्मस्थान 'चेन्नई' दर्ज है, जबकि कानून प्रवर्तन एजेंसियों को मिले इनपुट्स के अनुसार उनका जन्म 'नई दिल्ली' में हुआ बताया गया है। प्रशासन का कहना है कि आवेदन के समय तथ्यों को छिपाया गया या गलत विवरण दिया गया।

पिता का नाम खाली होना: पासपोर्ट आवेदन में पिता के नाम का कॉलम खाली छोड़े जाने को लेकर भी सोशल मीडिया और जांच के दायरे में चर्चा है। हालांकि, कानूनी प्रक्रिया के लिहाज से यह समझना जरूरी है कि भारत में नियमों के तहत विशेष परिस्थितियों या सिंगल पैरेंट के आधार पर बिना पिता का नाम दर्ज किए पासपोर्ट बनवाने का प्रावधान मौजूद है। विवाद मूल रूप से दर्ज जानकारियों की सत्यता और तथ्यों के कथित रूप से छिपाए जाने को लेकर है।

पते और रिकॉर्ड्स पर सवाल: सरकार के अनुसार, जांच के दौरान उनके पते और संबंधित रिकॉर्ड्स में भी गड़बड़ियां सामने आई हैं। अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल (ASG) चेतन शर्मा ने कोर्ट में यह दलील भी दी कि पासपोर्ट की इन विसंगतियों का असर उनकी नागरिकता से जुड़े सवालों पर भी पड़ सकता है। साथ ही बताया गया कि मद्रास हाईकोर्ट ने भी 30 अक्टूबर को एक अलग याचिका पर नोटिस जारी किया था।

पासपोर्ट रद्द नहीं, फिर भी यात्रा पर रोक कैसे?

इस मामले का सबसे दिलचस्प कानूनी पहलू यह है कि सौरव दास का पासपोर्ट अभी रद्द या औपचारिक रूप से जब्त नहीं किया गया है, फिर भी उन्हें विमान में चढ़ने से क्यों रोका गया? दरअसल इसके पीछे पासपोर्ट अधिनियम, 1967 की धारा 10(3) है, जिसके तहत पासपोर्ट प्राधिकारी को यह अधिकार है कि यदि पासपोर्ट गलत जानकारी देकर, महत्वपूर्ण तथ्य छिपाकर या अन्य निर्धारित आधारों पर हासिल किया गया पाया जाता है, तो उसे जब्त या रद्द किया जा सके। फिलहाल दास को केवल कारण बताओ नोटिस मिला है।

हाईकोर्ट में सौरव दास की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अखिल सिब्बल ने तर्क दिया कि विदेश यात्रा का अधिकार मौलिक अधिकार से जुड़ा विषय है और केवल कारण बताओ नोटिस लंबित होने के आधार पर किसी नागरिक को विदेश जाने से नहीं रोका जा सकता। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें LOC की प्रति या उसके कारणों की स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। वहीं केंद्र की ओर से ASG ने कहा कि महाराष्ट्र पुलिस के अनुरोध पर LOC जारी की गई थी और ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन केवल एक एक्सीक्यूटिव एजेंसी के रूप में काम करती है। सरकार ने यह भी तर्क दिया कि यदि पासपोर्ट अधिकारी उनकी सफाई से संतुष्ट नहीं होते, तो विदेश में जाने पर वे 'नो मैन्स लैंड' जैसी स्थिति में फंस सकते थे, इसलिए जांच के दौरान यात्रा न करने की सलाह उनके ही हित में थी।

डेटा लीक और प्राइवेसी का नया एंगल

जैसे ही सौरव दास के पासपोर्ट की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं, विवाद ने निजता और साइबर सुरक्षा का नया रूप ले लिया। दास ने आरोप लगाया कि कई सोशल मीडिया हैंडल्स उनके निजी दस्तावेज प्रसारित कर टार्गेटेड हरासमेंट कर रहे हैं और उन्होंने विदेश मंत्रालय से भी पूछा कि क्या नागरिकों के पासपोर्ट विवरण का लीक होना सामान्य हो गया है। बता दें कि निजी डेटा लीक करना संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत निजता के अधिकार, सूचना प्रौद्योगिकी (IT) अधिनियम के प्रावधानों और डिजिटल व्यक्तिगत डेटा संरक्षण (DPDP) ढांचे के तहत गंभीर चिंता का विषय बनता है। पीड़ित पक्ष के पास साइबर अपराध शाखा में शिकायत दर्ज कराने के साथ-साथ हाईकोर्ट में रिट याचिका के माध्यम से आपत्तिजनक पोस्ट हटाने के निर्देश मांगने का विकल्प रहता है।

फिलहाल यह मामला दो अहम पड़ावों से गुजरने वाला है। 30 नवंबर 2026 को सौरभ दास को चेन्नई क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय के कारण बताओ नोटिस का जवाब और संबंधित दस्तावेज दाखिल करने की समयसीमा दी गई है और 9 दिसंबर 2026 को दिल्ली हाईकोर्ट इस मामले पर अगली सुनवाई करेगी, जहां केंद्र सरकार और संबंधित एजेंसियों के रुख तथा याचिकाकर्ता की दलीलों पर आगे की कानूनी दिशा तय होगी।

End of Article