एक्सप्लेनर्स

विधानसभा चुनावों के लिए क्या होगा कांग्रेस का प्लान? दिल्ली में बैठकों का दौर हुआ तेज; समझिए मायने

Congress Plan for Election: चार राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं, इनमें महाराष्ट्र, हरियाणा, झारखंड और जम्मू कश्मीर शामिल है। चुनावी तारीखों की घोषणा का इंतजार हर किसी को है, इससे पहले भाजपा-कांग्रेस समेत सभी राजनीतिक पार्टियां अपनी एड़ी-चोटी का जोर लगा रही है। इसी कड़ी में कांग्रसे आलाकमान ने एक अहम बैठक दिल्ली में बुलाई, उसके मायने समझिए।

Image

विधानसभा चुनाव के लिए क्या है कांग्रेस का प्लान?

Assembly Election 2024: क्या कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपना प्लान तैयार कर लिया है? महाराष्ट्र, हरियाणा, झारखंड और जम्मू कश्मीर में इसी साल विधानसभा चुनाव होने है। सभी सियासी पार्टियों ने चुनाव को देखते हुए अपनी-अपनी कमर कस ली है। हालांकि लोकसभा चुनाव के बाद से ही विपक्षी गठबंधन INDIA में शामिल दल जिस आक्रामक अंदाज में नजर आ रहे हैं, ये कहना गलत नहीं होगा कि भारतीय जनता पार्टी और एनडीए की राह आसान नहीं रहने वाली है। यदि कांग्रेस की बात की जाए, तो वो विधानसभा चुनावों की अहमियत को समझ रही है और इसके लिए अभी से ही रणनीतियां बनाने में जुट गई है।

कांग्रेस ने दिल्ली में शुरू किया बैठकों का दौर

चार राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव कांग्रेस के लिए कितना अहम है, इसे इस तरह से समझा जा सकता है कि इस बार लोकसभा चुनाव में भाजपा की परेशानी बढ़ाने में उसका सबसे अहम योगदान रहा। जो लोग कांग्रेस के लिए ऐसी भविष्यवाणी कर रहे थे कि उसका पतन हो चुका है, उन्हें बड़ा झटका लगा और पार्टी ने आम चुनाव के नतीजों में खुद को काफी हद तक मजबूत कर लिया है। ऐसे में वो अब आगे कोताही बरतने के मूड में नजर आ रही है। हरियाणा, महाराष्ट्र, झारखंड और जम्मू कश्मीर के चुनावों से पहले कांग्रेस आलाकमान ने बैठकों का दौर तेज कर दिया है।

Congress Meet in Delhi

दिल्ली में कांग्रेस की बैठक।

खड़गे, राहुल समेत ये दिग्गज हुए बैठक में शामिल

कांग्रेस नेतृत्व ने मंगलवार को पार्टी के महासचिवों, प्रदेश प्रभारियों और राज्य इकाइयों के प्रमुखों के साथ बैठक की, जिसमें आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों तथा संगठन को लेकर चर्चा की गई। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय 24, अकबर रोड पर हुई इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, महासचिव जयराम रमेश तथा कई अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

Congress History on New Delhi Lok Sabha Seat

राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा।

विधानसभा चुनावों को लेकर बैठक में हुई चर्चा

सूत्रों का कहना है कि इस बैठक में संगठन तथा आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। महाराष्ट्र, हरियाणा और झारखंड में इस साल अक्टूबर-नवंबर महीने में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। जम्मू-कश्मीर में भी इस साल विधानसभा चुनाव कराए जाने की संभावना है। ऐसे में कांग्रेस चुनावी प्लान बनाने में जुटी हुई है। बैठक के मायने समझा जाए, तो जिस तरह राहुल गांधी संसद से लेकर सड़क तक मोदी सरकार और भाजपा को लगातार घेर रहे हैं। वो ये संदेश दे रहे हैं कि वो रुकेंगे नहीं।

हरियाणा और महाराष्ट्र में भाजपा नीत एनडीए की सरकार है। हालांकि दोनों ही राज्यों में भाजपा की मुश्किलें बढ़ चुकी हैं, विपक्षी दलों के गठबंधन ने महाराष्ट्र में सिरदर्द बढ़ा रखी है, तो हरियाणा में भी भाजपा की राह आसान नजर नहीं आ रही है। झारखंड में हेमंत सोरेन की सरकार और विपक्षी गठबंधन फिलहाल मजबूत स्थिति में नजर आ रही है। फिलहाल हरियाणा, झारखंड, महाराष्ट्र और जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव की तैयारियां जोरो पर हैं। इसी साल इन राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं।

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article