एक्सप्लेनर्स

‘इंडिया’को 'मिशन शंखनाद' से बेनकाब करेगी BJP! 10 करोड़ वोटरों से संपर्क करने की तैयारी

  • Written by: अमित कुमार
  • Updated Aug 31, 2023, 02:47 PM IST

'मिशन शंखनाद' अभियान के तहत एक लाख सोशल मीडिया कार्यकर्ताओं के माध्यम से 10 करोड़ मतदाताओं से संपर्क साधा जाएगा। पार्टी ने दस करोड़ मतदाताओं से व्हाट्सऐप के जरिए जुड़ने का लक्ष्य रखा है। अभियान के दौरान वोटरों को मोदी सरकार की योजनाओं के बारे में बताया जाएगा।

Image

'मिशन शंखनाद' से विपक्ष पर वार करेगी भाजपा।

Photo : PTI

Mission Shankhnaad: मिशन 2024 के तहत वोटरों तक मोदी सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाने और विपक्षी 'इंडिया' को बेनकाब करने की तैयारी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जुट गई है। इसके लिए भाजपा सोशल मीडिया के जरिए 'मिशन शंखनाद' नाम से संपर्क अभियान चलाएगी। पार्टी के सोशल मीडिया वॉलेंटियर्स के साथ देश भर के 100 बड़े शहरों में वह बैठक करेगी।

10 करोड़ मतदाताओं से संपर्क

अभियान के तहत एक लाख सोशल मीडिया कार्यकर्ताओं के माध्यम से 10 करोड़ मतदाताओं से संपर्क साधा जाएगा। पार्टी ने दस करोड़ मतदाताओं से व्हाट्सऐप के जरिए जुड़ने का लक्ष्य रखा है। अभियान के दौरान वोटरों को मोदी सरकार की योजनाओं के बारे में बताया जाएगा। पार्टी यह बताएगी कि 2014 के बाद मोदी सरकार के कार्यकाल में देश में कौन-कौन से बदलाव हुए हैं।

वंशवाद-भ्रष्टाचार के लिए कांग्रेस पर निशाना

हर लोक सभा सीट पर सौ लाभार्थियों के वीडियो डाले जाएंगे ताकि सरकार के काम के फायदे के बारे में जानकारी दी जा सके। कांग्रेस पर गांधी परिवार का वंशवाद और भ्रष्टाचार को लेकर निशाना साधा जाएगा। मल्लिकार्जुन खरगे भले ही कांग्रेस अध्यक्ष हैं लेकिन भगवा पार्टी के निशाने पर गांधी परिवार ही रहेगा। यही नहीं राज्यों में प्रमुख क्षेत्रीय दलों पर भी हमले बोले जाएंगे।

राज्यों में होंगी बैठकें

बिहार में आरजेडी, पश्चिम बंगाल में टीएमसी, यूपी में सपा आदि पर परिवारवाद और भ्रष्टाचार को लेकर निशाना साधा जाएगा। पांच सितंबर तक राज्य स्तर पर सोशल मीडिया टीम की बैठकें होंगी। इसके बाद जिला स्तर पर बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में मंत्री और संगठन के अन्य नेता शामिल होंगे। संगठन में नीचे तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाई जाएगी। उत्तर प्रदेश में नौ बड़े शहरों, एमपी, पश्चिम बंगाल में चार-चार, असम में तीन स्थानों पर और दक्षिण भारत में कई जगहों पर बैठकें होंगी। इनमें कन्याकुमारी, मदुरै, चेन्नई, बेंगलुरु, शिमोगा शामिल हैं।

अमित कुमार
अमित कुमारauthor

20 साल का टीवी पत्रकारिता का अनुभव। झूठ , फरेब और तमाशे पर नहीं सिर्फ खबर पर नज़र। राजनीतिक खबरों पर पहली पकड़। देश की राजनीति समझनी है तो आइए मेरे साथ

और पढ़ें
End of Article