Dhurandhar 2 on TV: बॉलीवुड स्टार रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2 (Dhurandhar 2) इसी साल रिलीज हुई थी। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जमकर धमाल मचाया और सारे रिकॉर्ड्स तोड़ डाले। वहीं ओटीटी पर इस फिल्म को लोगों ने दिल खोलकर प्यार दिया। इस बीच ये खबर सामने आई है कि फिल्म धुरंधर: द रिवेंज' टीवी पर दिखाई जाएगी। इसके लिए फिल्म में कुछ बदलाव भी किए गए, ताकि इसे घर पर कम उम्र के दर्शक भी देख सकें। आइए पूरी बात जानते है इस रिपोर्ट में...(Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-Prahaar Trailer: रोंगटे खड़े कर देगी राजकुमार राव की एक्टिंग, 'प्रहार' का ट्रेलर आउट)
टीवी पर दिखाई जाएगी धुरंधर 2
सीबीएफसी ने 24 सितंबर को फिल्म धुरंधर 2 को यू/ए 16+ सर्टिफिकेट दिया। लेकिन इसके लिए फिल्म में कई कट लगाने पड़े। बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, मेकर्स को फिल्म में 45 से 50 कट करने के लिए कहा गया था। इनमें से ज्यादातर बदलाव हिंसा और खून-खराबे वाले सीन्स में किए गए। हालांकि, फिल्म की टीम ने इन सीन्स को इस तरह हटाया कि कहानी और फिल्म का असर बरकरार रहे। इन बदलावों के बाद सीबीएफसी ने फिल्म को टीवी पर दिखाने की मंजूरी दे दी। बोर्ड की वेबसाइट के मुताबिक, टीवी पर दिखाई जाने वाली फिल्म का रनटाइम 219 मिनट और 6 सेकंड है। यानी यह 3 घंटे, 39 मिनट और 6 सेकंड की होगी। वहीं, सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्म का रनटाइम 3 घंटे, 49 मिनट और 6 सेकंड था।
आदित्य धर के निर्देशन में बनी 'धुरंधर' फ्रेंचाइजी में रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना, आर. माधवन, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल और सारा अर्जुन अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म का निर्माण आदित्य धर, लोकेश धर और ज्योति देशपांडे ने किया है। फिल्म की कहानी एक भारतीय जासूस की है, जो पाकिस्तान के कराची में एक खतरनाक गैंग के अंदर अपनी पहचान छिपाकर पहुंचता है और वहां से उसके खिलाफ कार्रवाई करता है। फ्रेंचाइजी की पहली फिल्म 'धुरंधर' 5 दिसंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। वहीं, इसका दूसरा भाग 'धुरंधर: द रिवेंज' इस साल 19 मार्च को रिलीज हुआ। दोनों ही फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई की और कई रिकॉर्ड बनाए।
