Bhay-The Gaurav Tiwari Mystery: अलमाइटी मोशन पिक्चर्स की पैरानॉर्मल थ्रिलर ‘भय – ए गौरव तिवारी मिस्ट्री’ रिलीज से पहले ही खूब चर्चा में है। हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े नाम जैसे राम गोपाल वर्मा, आनंद एल राय, वरुण शर्मा, ज़रीन खान, हिमांशु मेहरा, हंसल मेहता, अशोक पंडित और कई अन्य ने इसके ट्रेलर को सोशल मीडिया पर शेयर किया है, जिससे सीरीज़ की चर्चा और बढ़ गई है।
सीरीज़ में करण टैकर ( Karan Tacker) और कल्कि कोचलिन मुख्य भूमिकाओं में दिखेंगे। इनके साथ सलोनी बत्रा, डैनिश सूद, निमेश नायर, घनश्याम गर्ग और अन्य कलाकार भी अहम किरदार निभा रहे हैं। यह शो भारत के पहले पैरानॉर्मल इन्वेस्टिगेटर गौरव तिवारी की ज़िंदगी पर आधारित है। उनके अनोखे केसों, डरावने अनुभवों और सिर्फ 31 साल की उम्र में हुई उनकी रहस्यमयी मौत पर केंद्रित है।
निर्देशक रॉबी ग्रेवाल ने बताया प्रोजेक्ट क्यों खास
निर्देशक रॉबी ग्रेवाल ने बताया कि यह प्रोजेक्ट उनके लिए बहुत भावुक सफर रहा। वे एक बार गौरव तिवारी से मिले थे और दोनों कुछ साथ में करने की सोच रहे थे। लेकिन गौरव की अचानक मौत ने उन्हें अंदर तक झकझोर दिया। रॉबी कहते हैं कि शायद किस्मत चाहती थी कि वही उनकी कहानी लोगों तक पहुंचाएं।अलमाइटी मोशन पिक्चर्स की सह-संस्थापक और निर्माता प्रभलीन संधू ने बताया कि इस सीरीज़ को बनाना हर स्तर पर चुनौती भरा रहा। लेकिन निर्देशक रॉबी ग्रेवाल और अमेज़न एमएक्स प्लेयर की टीम की मेहनत ने इस प्रोजेक्ट को सच्चाई और साहस के साथ पूरा किया।
ट्रेलर ने बनाया रिकॉर्ड
सीरीज़ के ट्रेलर ने सिर्फ 24 घंटे में 1 करोड़ से ज़्यादा व्यूज़ हासिल कर लिए। यह दिखाता है कि लोग इस शो को लेकर काफी उत्साहित हैं और इसका रिस्पॉन्स पूरी तरह ऑर्गेनिक है।‘भय – ए गौरव तिवारी मिस्ट्री’ का प्रीमियर 12 दिसंबर (शुक्रवार) को सिर्फ अमेज़न एमएक्स प्लेयर पर होगा।
