Ved Box Office Collection Day 7: बॉलीवुड अभिनेता रितेश देशमुख (Riteish Deshmukh) सालों से हिन्दी फिल्म इंडस्ट्री में काम कर रहे हैं लेकिन जो प्यार उन्हें मराठी दर्शकों से मिल रहा है, उसका अंदाजा शायद उन्हें भी नहीं होगा। रितेश देशमुख ने सालों पहले लयभारी नाम की मूवी रिलीज की थी, जो बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही थी। इसके बाद उन्होंने वेड (Ved) नाम की इमोशनल मूवी बनाई, जिसमें उनकी पत्नी जेनेलिया डिसूजा भी हैं। यह फिल्म एक हफ्ते पहले ही बॉक्स ऑफिस पर रिलीज हुई थी। फिल्म वेड ने पहले हफ्ते में छप्परफाड़ कमाई करके ट्रेड एक्सपर्ट्स को भी चौंका दिया है।
लेटेस्ट रिपोर्ट की मानें तो फिल्म वेड ने अपने पहले हफ्ते में 20 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। रितेश देशमुख ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म वेड का एक पोस्टर शेयर किया है, जिसमें उनके साथ जेनेलिया डिसूजा भी नजर आ रही हैं। इस पोस्ट पर सुपरहिट लिखा हुआ है और मेकर्स ने जानकारी दी है कि वेड ने पहले हफ्ते में अपने खाते में कुल मिलाकर 20.67 करोड़ रुपये जोड़ लिए हैं।
बॉलीवुड फिल्मों से भी अच्छा प्रदर्शन कर रही है वेड
रितेश देशमुख और जेनेलिया डिसूजा की हालिया रिलीज मूवी वेड सिनेमाघरों में हिन्दी फिल्मों से ज्यादा बेहतर प्रदर्शन कर रही है। जहां हिन्दी फिल्में सिनेमाघरों में पानी मांगती नजर आ रही हैं, वहीं वेड थिएटर्स में लगातार ताबड़तोड़ कमाई करती हुई आगे बढ़ रही है। फिल्म वेड के प्रदर्शन से फिल्म ट्रेड एक्सपर्ट काफी खुश हैं। साल 2022 रीजनल सिनेमा के नाम रहा है। साउथ की कई फिल्मों ने हिन्दी दर्शकों के बीच अच्छा प्रदर्शन किया है। साउथ के बाद अब मराठी सिनेमा भी दर्शकों को सिनेमाघरों की ओर खींच रहा है। कई लोग रीजनल सिनेमा को हिन्दी फिल्म इंडस्ट्री के लिए बड़ी चुनौती के रूप में देख रहे हैं।
