Yeh Rishta Kya Kehlata Hai Spoiler 13 May, 2025: टीवी के चर्चित सीरियल 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' ने छोटे पर्दे पर अपनी जगह बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। शो बीते कई सालों से लोगों के दिलों पर राज कर रहा है। 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' को टीआरपी में हिट बनाने के लिए मेकर्स लगातार ट्विस्ट पर ट्विस्ट ला रहे हैं। शो में अरमान और अभिरा की बेटी यानी पूकी आ चुकी है, लेकिन उसके आते ही 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' की कहानी को नया रुख मिलना शुरू हो गया है। बीते दिन भी समृद्धि शुक्ला और रोहित पुरोहित स्टारर 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' (Yeh Rishta Kya Kehlata Hai) में दिखाया गया कि पूरा परिवार मिलकर मदर्स डे मनाने का फैसला करता है। लेकिन बाद में पूकी की ओर अरमान का रवैया देख परिवार वाले उससे दूर होने लगते हैं। हालांकि सीरियल में आने वाला महाट्विस्ट यहीं पर खत्म नहीं होता है।
बेटी के मोह में घरवालों से दूर होगा अरमान
'ये रिश्ता क्या कहलाता है' (Yeh Rishta Kya Kehlata Hai) में दिखाया जाएगा कि अभिरा किसी तरह से पूकी को सुलाएगी और बाकी परिवार दूर से ही उसे देखेगा। लेकिन अभिरा दादीसा और चाचीसा को अपनी बेटी संभालने के लिए देगी। हालांकि किसी वजह से पूकी रोने लगेगी, जिसपर अरमान भागा-भागा आएगा और अपनी बेटी को उनके हाथ से छीन लेगा। अभिरा बार-बार कहेगी कि वो भूखी है, लेकिन अरमान उसकी बात नहीं सुनेगा, साथ ही परिवार और अभिरा को बेटी से दूर रहने के लिए कहेगा। लेकिन अभिरा जैसे ही पूकी को दूध की बोतल देगी, वो चुप हो जाएगी।
अभिरा के होते हुए पूकी के लिए नैनी लाएगा अरमान
सीरियल में दिखाया जाएगा कि अरमान अपनी बेटी को संभालने के चक्कर में न केवल अभिरा बल्कि घर आए रिश्तेदारों के साथ भी गलत व्यवहार करेगा। विद्या उसे समझाएगी कि उसके साथ-साथ अभिरा भी पहली बार मां बनी है और जाने-अनजाने में वो मां-बेटी के बीच आ रहा है। अरमान को अपनी गलती का एहसास होगा, लेकिन ये एहसास भी ज्यादा देर नहीं टिकेगा। अरमान अगले ही दिन अपनी बेटी के लिए नैनी ले आएगा, जिसे देख अभिरा और दादीसा हैरान रह जाएंगे।
अभिरा की ममता पर सवाल खड़ा करेगा अरमान
'ये रिश्ता क्या कहलाता है' (Yeh Rishta Kya Kehlata Hai) में आने वाले महाट्विस्ट यहीं पर खत्म नहीं होते हैं। शो में दिखाया जाएगा कि किसी वजह से पूकी अभिरा की गोद में रोने लगेगी और चुप होने का नाम नहीं लेगी। इसपर अरमान अभिरा को डांटेगा और कहेगा कि पूकी का अभिरा के साथ कोई रिश्ता नहीं है, क्योंकि उसने इसे जन्म नहीं दिया है। वो उसे रूही के पास ले जाने का फैसला करेगा। अरमान की इस बात पर दादीसा उसे जोरदार तमाचा मारेंगी।
