Mohsin Khan Grand Father Passed Away: टीवी के मशहूर एक्टर मोहसिन खान ने 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' (Yeh Rishta Kya Kehlata Hai) का कार्तिक बनकर लाखों लोगों का दिल जीता था। वह भले ही टीवी इंडस्ट्री से दूर हैं, लेकिन आज भी चर्चा में बने रहते हैं। इन सबसे इतर मोहसिन खान (Mohsin Khan) के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दरअसल, मोहसिन खान के दादाजी की मृत्यु हो गई है। ऐसे में मोहसिन खान ने इंस्टाग्राम स्टोरी साझा की और अपने दादा जी के निधन का शोक जाहिर किया।
मोहसिन खान (Mohsin Khan) ने अपनी पोस्ट के जरिए बताया कि उन्होंने अपने परिवार का एक स्तंभ खो दिया। मोहसिन खान ने दादाजी को याद करते हुए लिखा, "मैंने अपने दादा जी को खो दिया है और एक परिवार के तौर पर हमने हमारा एक स्तंभ खोया है। उनका निधन 93 वर्ष की उम्र में 6 अगस्त को हुआ था। उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी परिवार को समर्पित की थी। उनके निधन से एक दिन पहले ही हमने पूरे परिवार के साथ मिलकर मेरे पिता का जन्मदिन मनाया था। हमने साथ में अच्छा वक्त बिताया। वह जोक सुनाते थे और हमें अपनी जिंदगी के संघर्षों से रूबरू कराते थे।"
मोहसिन खान (Mohsin Khan) ने अपने दादाजी को याद करते हुए आगे कहा, "वो हमें सलाह देते थे और प्रेरित करते रहते थे। उन्होंने सबको एक-एक करके केक खिलाया था, मुस्कुरा रहे थे हमारे लिए दुआ कर रहे थे और अगले दिन ही उन्होंने अपनी आखिरी सांसें लीं।" मोहसिन खान ने करियर की बात करें तो इन दिनों वह टीवी शोज से दूर रहकर म्यूजिक वीडियोज में हाथ आजमा रहे हैं। वह अभी तक कई हिट सॉन्ग में भी काम कर चुके हैं।
