Shaan Shashank Mishra on Tunisha Case: टीवी अदाकारा तुनिषा शर्मा आत्महत्या मामले में फंसे शीजान खान के परिवार ने बीते दिन मीडिया के सामने आकर कई खुलासे किए। शीजान खान के परिवार ने तुनिषा शर्मा की मां और मामा पर कई गंभीर आरोप लगाए। एक्टर के परिवार ने शीजान खान को बेगुनाह बताया है और तुनिषा शर्मा की मौत का जिम्मेदार एक्ट्रेस के परिवार को ठहराया है। शीजान खान के परिवार के बाद अब एक्टर के दोस्त शान शशांक मिश्रा मीडिया के सामने आए हैं। शान शशांक मिश्रा ने अपने दोस्त को बेगुनाह बताते हुए कहा है कि शीजान खान ने तुनिषा शर्मा को कभी धोखा नहीं दिया। शान शशांक मिश्रा ने तुनिषा शर्मा (Tunisha Sharma) की मौत वाले दिन का हाल भी बयां किया है और बताया है कि एक्ट्रेस मौत को गले लगाने से पहले हंस-हंसकर शीजान खान से बात कर रही थी।
शान शशांक मिश्रा के अनुसार, शीजान (Sheezan Khan) ने उन्हें बताया था कि मरने से पहले तुनिषा शर्मा एकदम ठीक थी। वो सबसे बातें कर रही थी और खुश थी। शान के अनुसार, 'मैंने शीजान से इस बारे में बात की कि तुनिषा सेट पर उस दिन कैसे व्यवहार कर रही थी। शीजान ने मुझे बताया कि वो सबके साथ मस्ती कर रही थी और खूब हंस रही थी। सेट पर अच्छा माहौल था और तुनिषा भी काफी खुश थी। तुनिषा ने शीजान की एक वीडियो भी बनाई थी ताकि वो रील पर उसे शेयर कर सके। दोनों के बीच उस दिन सेट पर न कोई लड़ाई हुई और न ही कोई विवाद हुआ।'
शान शशांक मिश्रा ने मीडिया से बात करते हुए कहा है कि, शीजान जब तुनिषा को अस्पताल लेकर पहुंचे तो वो अपने कैरेक्टर की कॉस्ट्यूम में ही थी। वो लगातार रो रहे थे और तुनिषा को बचाने में लगे हुए थे। शान के अनुसार, शीजान की हालत इतनी खराब थी कि वो बोल भी नहीं पा ररहे थे। तुनिषा को उस हालत में देखकर उनके गले से आवाज भी नहीं आ रही थी।
