Neha Kakkar Reveals Truth About Melbourne Concert: बॉलीवुड की मशहूर सिंगर नेहा कक्कड़ ने अपनी सिंगिंग से दुनियाभर में खूब नाम कमाया है। पंजाबी गानों से लेकर बॉलीवुड तक में नेहा कक्कड़ ने अपनी सुरीली आवाज से धाक जमाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। नेहा कक्कड़ ने बॉलीवुड में कई हिट सॉन्ग दिये, जो लोगों की जुबान पर बसे हुए हैं। लेकिन इन दिनों नेहा कक्कड़ अपने मेलबर्न कॉन्सर्ट के कारण चर्चा में बनी हुई हैं। नेहा कक्कड़ मेलबर्न में आयोजित हुए कॉन्सर्ट में 3 घंटे देरी से पहुंची थीं, जिसे लेकर उन्हें जमकर ट्रोल किया गया। नेहा कक्कड़ (Neha Kakkar) को लोगों के निशाने पर देख टोनी कक्कड़ और रोहनप्रीत सिंह ने उनका समर्थन किया। वहीं अब नेहा कक्कड़ ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर कर मामले का सच बयां किया है।
नेहा कक्कड़ (Neha Kakkar) की मेलबर्न कॉन्सर्ट से जुड़ी पोस्ट देखते ही देखते वायरल हो गई। सिंगर ने पोस्ट में लिखा, "उन्होंने कहा कि 3 घंटे लेट आई, लेकिन क्या उन्होंने एक बार भी पूछा कि उसके साथ क्या हुआ था। उन्होंने उसके और बैंड के साथ क्या किया था। जब मैंने स्टेज पर बात की तो मैंने किसी को कुछ नहीं बताया कि क्या हुआ था, क्योंकि मैं नहीं चाहती थी कि किसी को नुकसान पहुंचे। मैं कौन होती हूं किसी को सजा देने वाली, लेकिन अब बात मेरे नाम की है तो मुझे बोलना पड़ेगा। क्या आप लोगों को पता है कि मेलबर्न में मुझे अपने दर्शकों के लिए फ्री में परफॉर्म करना पड़ा था। आयोजक मेरे पैसे लेकर भाग गए। मेरे बैंड को खाना नहीं दिया गया, होटल नहीं, पानी तक नहीं मिला। मेरे पति और उनके साथियों ने उन्हें खाना खिलाया।"
नेहा कक्कड़ (Neha Kakkar) यहीं पर नहीं रुकीं। उन्होंने पोस्ट में मामले की हकीकत बयां करते हुए कहा, "इन सबके बाद भी हम स्टेज पर गए और हमने बगैर आराम किये परफॉर्म किया, क्योंकि वहां मेरे फैंस मेरा घंटों से इंतजार कर रहे थे। आपको पता है कि हमारा साउंड चेक भी घंटों लेट हो गया, क्योंकि साउंड वेंडर को पैसे नहीं मिले थे और उसने साउंट ऑन करने से मना कर दिया था। जब बहुत देर के बाद हमारा साउंड चेक शुरू हुआ तो मैं वेन्यू में नहीं पहुंच पाई, साउंड चेक नहीं कर पाई।हमें पता तक नहीं था कि कॉन्सर्ट हो रहा है या नहीं, क्योंकि आयोजकों ने मेरे मैनेजर के फोन उठाने बंद कर दिये। वो लोग स्पॉन्सर और बाकी चीजों से भाग रहे थे। यहां बताने के लिए तो बहुत कुछ है, लेकिन मुझे लगता है कि इतना काफी है।"
नेहा कक्कड़ (Neha Kakkar) ने पोस्ट मेंउन लोगों का शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने उनका साथ दिया। सिंगर ने कहा, "मैं उन सभी लोगों का शुक्रिया कहना चाहती हूं, जिन्होंने मुझसे प्यार से बात की। मैं उनके प्रयासों का आभार जताती हूं कि उन्होंने स्थिति को साफ करने की कोशिश की। मैं उन सभी लोगों का शुक्रगुजार रहूंगी, जिन्होंने मेरे कॉन्सर्ट में कदम रखा और मेरे साथ रोए, जमकर डांस भी किया। मैं नेहर्ट्स की शुक्रगुजार हूं कि वो हर स्थिति में मेरे साथ खड़े रहे और उन लोगों का भी धन्यवाद, जिन्होंने मुझपर प्यार लुटाया।"
