टीवी मसाला

Munawar Faruqui के पिता के जुल्म ने ली मां की जान, जहर खाकर दुनिया को कह गईं अलविदा; खुद बताया दर्दनाक वाकया

Munawar Faruqui Reveals About Mother Death: मशहूर कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी ने हाल ही में माता-पिता के सिलसिले में चौंकाने वाला खुलासा किया है। मुनव्वर फारूकी ने बताया कि कॉमेडियन के पिता के जुल्म से परेशान होकर ही उनकी मां ने जहर खा लिया था और अपनी जान दे दी थी।

Image

फोटो क्रेडिट- मुनव्वर फारूकी इंस्टाग्राम

Munawar Faruqui Reveals About Mother Death: मशहूर कॉमेडियन और 'बिग बॉस 17' विजेता मुनव्वर फारूकी ने अपने अंदाज से सुर्खियां बटोरने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। मुनव्वर फारूकी इन दिनों 'पति पत्नी और पंगा' में नजर आ रहे हैं, जिसे वह सोनाली बेंद्रे के साथ होस्ट कर रहे हैं। लेकिन करियर से इतर मुनव्वर फारूकी ने हाल ही में अपने परिवार से जुड़े कुछ राज बताए हैं, जो लोगों को हैरान कर देंगे। मुनव्वर फारूकी (Munawar Faruqui) ने बताया कि उनकी मां का निधन किसी और की नहीं बल्कि उनके पिता की वजह से हुआ था। मुनव्वर फारूकी ने अपने लेटेस्ट इंटरव्यू में पिता के जुल्मों का भी खुलासा किया।

मुनव्वर फारूकी (Munawar Faruqui) ने प्रखर गुप्ता को दिये इंटरव्यू में बताया कि कैसे उनकी मां ने 22 साल की शादी में पिता के कारण बहुत कुछ सहा। मुनव्वर फारूकी ने मां के निधन के बारे में बात करते हुए कहा, "मैं 13 साल का था, जब किसी ने मुझे सुबह बताया और कहा कि मां हॉस्पिटल में हैं। मैं वहां पहुंचा तो मुझे पता चला कि परिवार ने मुझे ये बताने के लिए मना कर दिया था कि मां ने जहर खा लिया है। इस बात की वजह मुझे आज तक समझ नहीं आई। उस वक्त अस्पताल में एक नर्स थीं जो मेरी मां की पारिवारिक दोस्त थीं। मैंने उन्हें बताया और उन्होंने मां को इमरजेंसी रूम में शिफ्ट किया। लेकिन तब तक उनकी मौत हो गई।" मुनव्वर फारूकी ने बताया कि उनके पिता अक्सर उनकी मां से बुरा बर्ताव करते थे। वहीं उनकी मां के सब्र की भी सीमा पूरी हो चुकी थी।

अंदर ही अंदर रोते थे मुनव्वर फारूकी

मुनव्वर फारूकी (Munawar Faruqui) ने बताया कि मां के अंतिम संस्कार में भी उन्होंने किसी को अपने दुख का अंदाजा नहीं होने दिया। कॉमेडियन ने कहा, "मैं अंदर ही अंदर रो रहा था, लेकिन कुछ भी बाहर नहीं आने दिया। मैं हर किसी से गुस्सा था। मुझे वो सब याद आ रहे थे, जिन्होंने मेरी मां के साथ बुरा व्यवहार किया था। लेकिन एक वक्त ऐसा आया, जब मैंने सबको माफ कर दिया।" इंटरव्यू में मुनव्वर फारूकी ने कहा कि वह अपने पिता से नफरत नहीं करते। इस सिलसिले में उन्होंने कहा, "मां के जाने के 2 साल बाद पिता को लकवा का दौरा पड़ा और उनका 80 प्रतिशत शरीर लकवाग्रस्त हो गया। वह 11 साल तक ऐसे रहे। उन्होंने गलत किया तो उसकी सजा उन्हें मिली। इस इंसान से मैं क्या ही नफरत करूं।"

ashna malik
आशना मलिकauthor

आशना मलिक पिछले छह वर्षों से एंटरटेनमेंट पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने बॉलीवुड और टीवी सितारों के कई इंटरव्यू किए हैं और इस क्षेत्र में अपनी पकड़ बनाई है। आशना को कॉपी राइटिंग, फीचर लेखन और वीडियो कंटेंट निर्माण का अनुभव है, जिससे वे बहुआयामी और आकर्षक स्टोरीज तैयार करती हैं। 7,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुकीं आशना की खासियत है ट्रेंडिंग एंटरटेनमेंट खबरों को सटीक, स्पष्ट और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करना। आशना की स्टोरीटेलिंग में नवीनतम ट्रेंड्स की समझ, विषय की गहराई और दर्शकों से जुड़ने की क्षमता साफ झलकती है।

और पढ़ें
End of Article