Exclusive TMKOC Nidhi Bhanushali Open Up On Working With MS Dhoni: टीवी के चर्चित सीरियल 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' से लाइमलाइट बटोरने वाली एक्ट्रेस निधी भानुशाली अक्सर चर्चा में रहती हैं। निधी भानुशाली ने भले ही कई प्रोजेक्ट्स में हाथ आजमाए हैं, लेकिन आज भी उन्हें पुरानी सोनू के नाम से ही जाना जाता है। निधी भानुशाली ने एक विज्ञापन में मशहूर क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी संग भी काम किया था। वहीं हाल ही में जूम/टेली टॉक संग बातचीत के दौरान निधी भानुशाली ने महेंद्र सिंह धोनी संग काम करने का अनुभव साझा किया है। निधी भानुशाली (Nidhi Bhanushali) ने बताया कि महेंद्र सिंह धोनी के साथ फ्रेम शेयर करना ही उनके लिए काफी खास था।
निधी भानुशाली (Nidhi Bhanushali) ने अपने इंटरव्यू में कैप्टन कूल महेंद्र सिंह धोनी को लेजेंड बताया। एक्ट्रेस ने इस सिलसिले में कहा, "उनके साथ काम करने का मेरा अनुभव काफी अच्छा रहा है। जो चीज सबसे खास लगी एमएस धोनी में, वो थी उनकी शालीनता। जिस इंसान ने अपनी जिंदगी में इतना कुछ हासिल कर लिया है, वह अपने आपको इतनी सादगी से पेश करता है। कोई परेशानी नहीं, सिर्फ ध्यान और मौजूदगी। उनके आसपास होना भी बहुत खास है और मैं खुद को भाग्यशाली समझती हूं कि मैं उस एनर्जी के पास रही।"
निधी भानुशाली (Nidhi Bhanushali) ने महेंद्र सिंह धोनी संग शूटिंग करने का अनुभव साझा किया और कहा, "उनके साथ शूट भी बहुत खुशहाल और जबरदस्त रहा। वह अपने आसपास मौजूद लोगों को इस तरह से सहज महसूस करा सकते हैं। मेरे लिए उस लेजेंड के साथ फ्रेम साझा करना ही बहुत खास रहा।" बता दें कि निधी भानुशाली को उनके बेबाक अंदाज के लिए भी खूब जाना जाता है। वहीं जल्द ही वह म्यूजिक वीडियो 'सावरिया' में नजर आने वाली हैं।
