Elvish Yadav Father on Firing Incident: यूट्यूबर और रियलिटी शो स्टार एल्विश यादव (Elvish Yadav) इन दिनों कफी चर्चा में बने हुए हैं। इसकी वजह उनका कोई शो या बयान नहीं है बल्कि एक घटना है जो उनके साथ गुरुग्राम में उनके साथ हुई। गुरुग्राम में एल्विश यादव के घर पर रविवार तड़के गोलीबारी हुई है। इस खबर ने सभी को हिलाकर रख दिया है। इस घटना के बाद एल्विश यादव के फैंस काफी हैरान हो गए। इस घटना के बाद अब एल्विश यादव के पिता का बयान सामने आया है। एल्विश यादव के पिता ने घटना के बारे में बताया और अब सब कैसे है ये भी जानकारी दी।
एल्विश यादव के पिता ने कही ये बात
एल्विश यादव के घर पर हुई गोलीबारी की घटना से हर कोई परेशान है। इसी बीच एल्विश यादव के पिता ने इस घटना पर रिएक्शन दिया है। न्यूज18 की एक रिपोर्ट के अनुसार, एल्विश के पिता ने इस घटना पर चुप्पी तोड़ते हुए बताया कि उनका बेटा पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने कहा, 'मैंने एल्विश से बात की वो ठीक है। हमें अभी तक किसी तरह की धमकी या फोन कॉल नहीं मिला।' आपको बता दें कि ये घटना सुबह 5:30 से 6 बजे के बीच हुई जब तीन नकाबपोश लोग मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए और एल्विश के सेक्टर 57 स्थित घर के बाहर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं।
पुलिस ने दिया ये बयान
गुरुग्राम पुलिस के पीआरओ संदीप कुमार (Sandeep Kumar) ने बताया कि 'तीन मास्क पहने बदमाशों ने यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी विनर एल्विश यादव के घर के बाहर फायरिंग की। ये घटना गुरुग्राम के सेक्टर 57 में सुबह करीब 5:30 बजे हुई। दस से ज्यादा गोलियां चलाई गईं। उस वक्त एल्विश यादव घर पर नहीं थे।' रिपोर्ट के मुताबिक हमलावरों ने घर के ग्राउंड और फर्स्ट फ्लोर को निशाना बनाया जबकि एल्विश दूसरे और तीसरे फ्लोर पर रहते हैं।
