Dipika Kakar Clothing Brand Label DKI Shuts Down Abruptly: टीवी की मशहूर एक्ट्रेस दीपिका कक्कड़ ने अपनी एक्टिंग और अंदाज से लोगों का दिल जीतने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। दीपिका कक्कड़ ने 'ससुराल सिमर का' के जरिए घर-घर में अपनी पहचान बनाई थी। आखिरी बार वह 'सेलिब्रिटी मास्टरशेफ' में नजर आईं, लेकिन उस शो को भी दीपिका कक्कड़ को अचानक छोड़ना पड़ा। उन्होंने स्वास्थ्य कारणों से 'सेलिब्रिटी मास्टरशेफ' को बीच में ही छोड़ दिया था। दीपिका कक्कड़ (Dipika Kakar) ने एक्टिंग से दूर रहते हुए अपना बिजनेस भी शुरू किया था। दीपिका कक्कड़ ने 'डीकेआई' के नाम से क्लोथिंग ब्रांड की शुरुआत की थी। लेकिन अब खबर आ रही है कि इस ब्रांड को भी अचानक ही बंद कर दिया गया है।
दीपिका कक्कड़ (Dipika Kakar) ने कुछ महीनों पहले ही डीकेआई लेबल की शुरुआत की थी, जो कि महिलाओं के एथनिक ड्रेस पर आधारित था। ये लेबल ऑनलाइन शुरू हुआ था, जिसके प्रोडक्ट की तारीफ खुद फराह खान ने भी की थी। दीपिका कक्कड़ का कहना था कि वह इस प्रोजेक्ट को शुरू करने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रही थीं और बीते काफी सालों से इसपर मेहनत भी कर रही थीं। लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो दीपिका कक्कड़ का डीकेआई लेबल अचानक बंद कर दिया गया है। हालांकि इस मामले पर अभी तक खुद एक्ट्रेस या शोएब इब्राहिम की ओर से कोई कमेंट सामने नहीं आया है।
बता दें कि दीपिका कक्कड़ (Dipika Kakar) के क्लोथिंग ब्रांड पर आरोप लगे थे कि आउटफिट की क्वालिटी कीमत के हिसाब से बिल्कुल भी अच्छी नहीं है। साथ ही इसके डिजाइन भी बहुत साधारण हैं। कई सोशल मीडिया यूजर्स ने दावा भी किया था कि जितने दाम में डीकेआई का एक आउटफिट है, उतने दाम में वे दूसरे ब्रांड से दो आउटफिट खरीद सकते हैं।
