Bhagya Lakshmi Aishwarya Khare And Rohit Suchanti Show Going Off Air Soon: टीवी एक्ट्रेस ऐश्वर्या खरे और एक्टर रोहित सुचांति स्टारर 'भाग्य लक्ष्मी' ने सुर्खियां बटोरने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। सीरियल की शुरुआत साल 2021 में अगस्त के महीने में हुई थी। एकता कपूर के 'भाग्य लक्ष्मी' में ऐश्वर्या खरे और रोहित सुचांति की जोड़ी को खूब पसंद भी किया गया था। लेकिन अब शो को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है, जिससे इसके फैंस को तगड़ा झटका लगने वाला है। बताया जा रहा है कि 'भाग्य लक्ष्मी' (Bhagya Lakshmi) पर जल्द ही चैनल कैंची चलाने वाला है। सीरियल की गिरती टीआरपी को देखते हुए चैनल ने ये फैसला किया है।
'भाग्य लक्ष्मी' (Bhagya Lakshmi) के बंद होने की खबर पहले भी सामने आई थी। लेकिन बाद में क्रिएटिव टीम ने शो में जनरेशन लीप लाने का फैसला किया था। इसकी स्क्रिप्ट पर भी मेकर्स के बीच चर्चा जारी थी। लेकिन अब 'भाग्य लक्ष्मी' से जुड़े करीबी सूत्रों ने बताया है कि सीरियल पर जल्द ही कैंची चलने वाली है। आई डब्ल्यू एम बज्ज की रिपोर्ट के मुताबिक, शो में जो जनरेशन लीप आने वाला था, वो भी ठंडे बस्ते में जा चुका है। 'भाग्य लक्ष्मी' के करीबी सूत्र ने इस बारे में कहा, "भाग्य लक्ष्मी लीप की ओर जाने की जगह रैप अप के लिए शेड्यूल किया जा चुका है।"
बता दें कि 'भाग्य लक्ष्मी' (Bhagya Lakshmi) ने जीटीवी पर लंबे वक्त से धाक जमाई हुई थी। लेकिन बीते कुछ समय से शो की टीआरपी रेटिंग काफी ज्यादा गिर गई है। पिछले सप्ताह भी ऐश्वर्या खरे और रोहित सुचांति स्टारर 'भाग्य लक्ष्मी' को 1.1 टीआरपी ही हासिल हुई थी। हालांकि इसके बंद होने की खबर पर अभी तक मेकर्स या कलाकारों की ओर से कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है।
