'टोपी बहू' बनकर सुनील ग्रोवर ने धोया लैपटॉप, सोशल मीडिया पर आए ये रिएक्शन

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 15, 2020, 05:36 PM IST

कॉमेडियन सुनील ग्रोवर ने टीवी सीरियल साथ निभाना साथिया का आइकॉनिक सीन रीक्रिएट किया और लैपटॉप को धोकर सुखा दिया। उनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

'टोपी बहू' बनकर सुनील ग्रोवर ने धोया लैपटॉप, सोशल मीडिया पर आए ये रिएक्शन

कॉमेडियन सुनील ग्रोवर अपनी बेहतरीन कॉमेडी के लिए जाने जाते हैं। इन दिनों वो कॉमेडी शो गैंग्स ऑफ फिल्मिस्तान में नजर आ रहे हैं जिसमें उन्हें काफी पसंद किया जा रहा है। अब उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें उन्होंने टीवी सीरियल साथ निभाना साथिया के मशहूर सीन की रीक्रिएट किया। 

साथ निभाना साथिया में गोपी बहू (जिया मानेक) लैपटॉप को पहले धोती और फिर उसे सुखाती हैं। वायरल हो रहे इस वीडियो में सुनील टोपी बहू का किरदार निभा रहे हैं जिसमें वो ब्रश से लैपटॉप को धोती हैं उसे तोड़कर सूखने रख देती हैं। सुनील ग्रोवर का ये वीडियो उनके फैंस को बहुत पसंद आ रहा है। ये वीडियो स्टार खिलाड़ी सायना नेहवाल को भी पसंद आया और उन्होंने इसपर कमेंट किया। इस वीडियो को पोस्ट कर सुनील ने लिखा, 'टोपी बहू.. घर के काम करेगी आज रात 8 बजे।'

इंस्टाग्राम पर यूलिया वैंतूर ने इस वीडियो पर कमेंट कर लिखा, 'कितना मेहनती और समर्पित इंसान है। तुम कभी मेरा लैपटॉप नहीं देखोगे।' वहीं आरती छाबरिया और चारू असोपा ने भी इसपर लाफिंग स्माइली बनाकर कमेंट किया।

मालूम हो कि सुनील ग्रोवर का ये शो दर्शकों को काफी पसंद आ रहा है और वो अक्सर अपने शो के फनी वीडियोज सोशल मीडिया पर शेयर करते रहते हैं। यह शो भिंडी भाई के आसपास घूमता है। भिंडी भाई अपना घर किराये पर देता है लेकिन वो किरायेदारों से किराया नहीं लेता बल्कि उन्हें खुद को एंटरटेन करने के लिए कहता है। शो में सुनील ग्रोवर के अलावा सुगंधा मिश्रा, संकेत भोसले, परितोष त्रिपाठी, उपासना सिंह, जतिंदर सोनी और सिद्धार्थ सागर हैं। 

हाल ही में सुनील ने एक इंटरव्यू दिया था जिसमें उन्होंने बताया था कि ट्रोलर्स के कमेंट्स का उनपर क्या असर पड़ता है। सुनील ने कहा था, 'मैं इनसे परेशान नहीं होता। अगर यह किसी चीज की वास्तविक आलोचना है, तो मुझे पता चलता है। इससे फर्क नहीं पड़ता कि आप क्या कहते हैं, आप कुछ भी कहें लोग उसपर अपनी राय देंगे। आप कुछ भी कहेंगे तो लोग आपकी बात को गलत ठहराएंगे। मुझे कुछ लोगों की सोच समझ नहीं आती। अगर आप मेरी आलोचना करना चाहते हैं, तो केवल इतना कहो कि आपको मेरी परफॉर्मेंस नहीं पसंद। लेकिन ये वाक्य 'मां' और 'बहन' की गाली से क्यों शुरू होते हैं?'

End of Article