हार्ट सर्जरी के बाद सुनील ग्रोवर ने किया पहला ट्वीट, अपनी सेहत और इलाज को लेकर दी ये जानकारी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 11, 2022, 09:49 AM IST

एक्टर और कॉमेडियन सुनील ग्रोवर को हाल ही में हार्ट अटैक आया था जिसके चलते उनकी हार्ट सर्जरी हुई। अब उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए सेहत से संबंधित जानकारी दी।

हार्ट सर्जरी के बाद सुनील ग्रोवर ने किया पहला ट्वीट, अपनी सेहत और इलाज को लेकर दी ये जानकारी

एक्टर और कॉमेडियन सुनील ग्रोवर (Sunil Grover) की हाल ही में हार्ट सर्जरी (Heart Surgery) हुई है। दिल का दौरा (Heart Attack) पड़ने के बाद उन्हें मुंबई के एशियन हार्ट इंस्टीट्यूट में भर्ती कराया गया था। जहां से उन्हें 03 फरवरी को डिस्चार्ज किया गया। सुनील की सेहत को लेकर जानकारी सामने आने के बाद से फैंस लगातार उनकी हेल्थ को लेकर चिंतित थे और लगातार उनके स्वस्थ होने की कामना कर रहे थे। 

सुनील का ट्वीट

सुनील ने हार्ट सर्जरी होने के बाद पहली बार ट्वीट किया। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए फैंस का शुक्रिया अदा करते हुए पोस्ट किया। साथ ही उन्होंने बताया कि उनकी सेहत कैसी है। सुनील ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'भाई ट्रीटमेंट ठीक हो गया, मेरी चल रही है हीलिंग। आप सब की दुआओं के लिए, ग्रैटिट्यूड है मेरी फीलिंग! ठोको ताली!' सुनील ने जैसे ही ये पोस्ट किया फैंस ने इसपर कमेंट करना शुरू कर दिया। फैंस उनके जल्द स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। 

12 दिन तक अस्पताल में थे भर्ती

बता दें कि ई टाइम्स से बातचीत में डॉक्टर ने बताया था, 'सुनील ग्रोवर को छाती में दर्द हुआ था। इसके बाद उन्हें अस्पताल जाने की सिफारिश की गई थी। ब्लड टेस्ट और ईसीजी के बाद पता चला कि उन्हें हार्ट अटैक आया था। उन्हें दवाएं दी गई और अब वह स्थिर हैं। इसके अलावा वह कोविड पॉजीटिव भी थे। हालांकि, उनमें कोई भी लक्षण नहीं थे, न ही कोई बुखार, न जुकाम। उन्हें ट्रीटमेंट दिया गया। एक हफ्ते बाद उनकी एंजियोग्राफी की गई। इसमें पता चला की उनकी तीन आर्टरी ब्लॉक थी। इस वजह से 14 दिन पहले उनकी बायपास सर्जरी की गई। वह अब ठीक हो गए हैं और उन्हें डिसचार्ज कर दिया गया है।' मालूम हो कि सुनील 12 दिन तक अस्पताल में भर्ती थे।

तीन हफ्ते आराम की सलाह

सुनील को तीन हफ्ते आराम करने की सलाह दी गई थी। डॉक्टर ने कहा था, 'उन्हें सावधानी बरतनी होगी, अच्छी और हेल्दी लाइफस्टाइल अपनानी होगी और अपनी डाईट पर खास ध्यान देना होगा। उन्हें रोजाना चलना होगा और एक्सरसाइज करनी होगी। इसके अलावा उन्हें दो से तीन हफ्ते तक आराम करना होगा। वह जल्द ही नॉर्मल लाइफ शुरू कर सकते हैं और अपने काम पर वापस लौट सकते हैं।'

End of Article