KBC 14: क्या आप जानते हैं इस आसान से सवाल का सही जवाब? जिसका गलत जवाब देकर हार गईं अनुश्री

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 1, 2022, 07:14 AM IST

KBC 14: कौन बनेगा करोड़पति में हॉट सीट पर पहुंचीं अहमदाबाद की अनुश्री धतिंगण जो 1 लाख 60 हजार रुपये के सवाल का सही जवाब नहीं दे सकीं। क्या आप जानते हैं इसका जवाब?

KBC 14: क्या आप जानते हैं इस आसान से सवाल का सही जवाब? जिसका गलत जवाब देकर हार गईं अनुश्री

क्विज शो कौन बनेगा करोड़पति का 14वां सीजन चल रहा है और पिछले 13 सीजन की तरह ही इस शो को भी दर्शकों का खूब प्यार मिल रहा है। शो में रोजाना नए कंटेस्टेंट हॉट सीट तक पहुंचते हैं और अपनी किस्मत आजमाते हैं। हाल ही में शो से डॉ. अनु वर्गीज 75 लाख रुपये जीतकर गईं। 

शो के हालिया एपिसोड (बुधवार) को शो में हॉटसीट पर पहुंचीं अनुश्री धतिंगण, जो गुजरात के अहमदाबाद की रहने वाली हैं। शो से अनुश्री केवल 10 हजार रुपये लेकर घर लौटीं। दरअसल शो में उन्होंने 80 हजार रुपये जीत लिए थे लेकिन उन्होंने 1 लाख 60 हजार रुपये के लिए पूछे गए नौवें सवाल का गलत जवाब दिया, जिसके बाद वो जीती हुई धनराशि हार गईं और उन्हें केवल 10 हजार रुपये लेकर ही शो से लौटना पड़ा। जानें क्या था वो सवाल जिसका जवाब नहीं दे सकीं अनुश्री। 

इनमें से किस राज्य की तटरेखा है और हिमालय का एक छोटा सा हिस्सा भी इससे होकर गुजरता है?
A. महाराष्ट्र
B. पश्चिम बंगाल
C. सिक्किम 
D. अरुणाचल प्रदेश  



इस सवाल पर अनुश्री ने लाइफलाइन 50-50 का इस्तेमाल किया जिसके बाद दो विकल्प B और D बच गए। इसके बाद अनुश्री ने D अरुणाचल प्रदेश को चुना जो कि गलत जवाब था। इसका सही जवाब है B पश्चिम बंगाल। इस सवाल का गलत जवाब देकर वो जीती हुई धनराशि भी हार गईं और केवल 10 हजार रुपये लेकर उन्हें घर लौटना पड़ा। 

इससे पहले 80 हजार रुपये के लिए अनुश्री से जो सवाल पूछा गया था वो है:-

महाभारत में अपने क्रोध के लिए प्रसिद्ध किस ऋषि ने कुंती को पुत्रों की प्राप्ति के लिए देवताओं को बुलाने का मन्त्र सिखाया था?
A. ऋषि दुर्वासा
B. ऋषि विश्वमित्र
C. ऋषि व्यास
D. ऋषि अगस्त्य



इस सवाल पर अनुश्री ने वीडियो कॉल ए फ्रेंड लाइफलाइन का इस्तेमाल किया और इसका सही जवाब दिया, जो है A. ऋषि दुर्वासा।

मालूम हो कि शो में अनुश्री अपने माता, पिता और पति के साथ आई थीं। वो खुद बैंकर हैं जबकि उनके पति रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया में असिस्टेंट मैनेजर हैं। अनुश्री अपना होटल खोलना चाहती हैं।

End of Article