Aly Goni Reveals His Family Face Terror After Attack On Jammu: पाकिस्तान की ओर से गुरुवार की रात जम्मू, जैसलमेर, पठानकोट और भारत के कई शहरों पर मिसाइल से हमला किया गया। हालांकि भारत के एयर डिफेंस सिस्टम ने इस हमले को नाकाम करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। भारत ने पाकिस्तान के फाइटर जेट्स को भी मार गिराया। लेकिन लगातार बढ़ रहे तनाव के कारण जम्मू सहित भारत के कई शहरों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। टीवी के मशहूर एक्टर अली गोनी (Aly Goni) ने हाल ही में सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर बताया है कि जम्मू पर हुए हमले ने उनके परिवार की रातों की नींद उड़ा दी है। उनका पूरा परिवार इस हमले से सहमा हुआ है।
अली गोनी (Aly Goni) ने इंस्टाग्राम एकाउंट पर अपने परिवार की कुछ तस्वीरें शेयर कीं और जम्मू में उनकी स्थिति बयां की। अली गोनी ने कैप्शन में लिखा, "नींद उड़ चुकी है और टूट चुका हूं, क्योंकि मैं भारत से बाहर फंसा हुआ हूं। मेरा परिवार जम्मू में हमले को झेल रहा है। मेरा पूरा परिवार, बच्चे और माता-पिता ने बीती रात ड्रोन्स और बाकी चीजों का डर झेला। लेकिन अभी भी कुछ लोग अपने घर पर आराम से बैठकर इस युद्ध की घड़ी का महिमामंडन कर रहे हैं। ये उन लोगों के लिए बिल्कुल भी आसान नहीं है जो बॉर्डर के पास हैं। हमारे आईएएफ और भारतीय सेना का शुक्रिया, सुरक्षा और शांति के लिए प्रार्थना कर रहा हूं।"
अली गोनी (Aly Goni) की पोस्ट पर सोशल मीडिया यूजर्स भी खूब कमेंट कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, "भगवान सभी लोगों को और भारतीय सेना को सुरक्षित रखे।" दूसरे यूजर ने लिखा, "कृप्या भारतीय सेना और बॉर्डर के पास मौजूद लोगों के लिए प्रार्थना करें।"
