Ram Gopal Varma made fun of Bollywood: डायरेक्टर राम गोपाल वर्मा एक वक्त अपनी फिल्मों की वजह से लोगों के बीच चर्चा में रहते थे। सत्या और भूत जैसी फिल्मों से लोगों के दिलों पर राज करने वाले राम गोपाल वर्मा इन दिनों सोशल मीडिया पर राज कर रहे हैं। वो समय-समय पर ऐसे ट्वीट करते रहते हैं, जो लोगों के बीच खलबली मचा देते हैं। राम गोपाल वर्मा (Ram Gopal Varma) ने फिल्म पुष्पा 2 (Pushpa 2) के माध्यम से हिन्दी फिल्म इंडस्ट्री पर निशाना साधा है, जो इंटरनेट पर काफी वायरल हो रहा है। राम गोपाल वर्मा हिन्दी फिल्म इंडस्ट्री का मजाक उड़ाते हुए कहा है कि हिन्दी के सबसे बड़े स्टार अल्लू अर्जुन को ठीक से हिन्दी बोलनी तक नहीं आती है।
राम गोपाल वर्मा ने अल्लू अर्जुन और पुष्पा 2 की तारीफ करते हुए लिखा है, 'हिन्दी फिल्म इंडस्ट्री की सबसे बड़ी बॉलीवुड फिल्म तेलुगु की डब्ड पुष्पा 2 है। हिन्दी फिल्म इंडस्ट्री का सबसे बड़ा एक्टर तेलुगु का सुपरस्टार अल्लू अर्जुन (Allu Arjun) है, जिसे ढंग से हिन्दी बोलनी तक नहीं आती है। अब पैन इंडिया शब्द का कोई मतलब नहीं रह गया है... ये तेलुगु इंडिया बन गया है।'
अगर आप सोच रहे हैं कि राम गोपाल वर्मा ने हिन्दी फिल्म इंडस्ट्री पर कटाक्ष क्यों किया है तो बता दें कि पुष्पा 2 हिन्दी ने 5 दिनों में 300 करोड़ कमाकर लोगों को चौंका दिया है। किसी हिन्दी फिल्म अभिनेता की मूवी ने भी अब तक ऐसा कमाल नहीं किया है। इसके साथ-साथ पुष्पा 2 बिगेस्ट ओपनर का खिताब अपने नाम करते हुए, हिन्दी की बिगेस्ट ग्रोसर का खिताब अपने नाम करने की दावेदारी पेश कर डाली है। जवान और एनिमल जैसी फिल्में भी पुष्पा 2 के सामने अब बौनी लगने लगी हैं। ट्रेड पंडित मान रहे हैं कि पुष्पा 2 थिएटरों से उतरते-उतरते कुछ ऐसे रिकॉर्ड अपने नाम कर डालेगी कि उन्हें तोड़ना नामुमकिन जैसा हो जाएगा।
