Gurmeet Maan Death: पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के लिए अक्टूबर महीना बेहद दुखद साबित हो रहा है। सिंगर राजवीर जवंदा के निधन के कुछ ही दिन बाद अब एक और दुखद खबर सामने आई है। मशहूर पंजाबी गायक गुरमीत मान( Gurmeet Maan) का निधन हो गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रोपड़ के रहने वाले गुरमीत मान ने 10 अक्टूबर 2025 को अंतिम सांस ली। हालांकि, उनकी मौत का कारण अभी तक सामने नहीं आया है। यह खबर आने के बाद पूरी इंडस्ट्री और उनके फैंस में शोक की लहर दौड़ गई है।
कुछ दिन पहले ही राजवीर जवंदा के अचानक हुए निधन ने सभी को हैरान कर दिया था। बेहद कम उम्र में राजवीर इस दुनिया से चले गए । उसके बाद वरिंदर सिंह घुमन और अब गुरमीत मान की मौत ने सभी को गहरे दुख में डाल दिया है। एक के बाद एक पंजाबी सिंगर दुनिया को अलविदा कह रहे हैं। जिससे सारी इंडस्ट्री में मातम पसर गया है।
कौन थे गुरमीत मान?
गुरमीत मान न सिर्फ एक बेहतरीन गायक थे, बल्कि वह संगीतकार और गीतकार भी थे। उनकी आवाज़ में पंजाब की मिट्टी की खुशबू झलकती थी। उन्होंने अपनी गायकी के ज़रिए पंजाब की लोक संस्कृति और परंपराओं को देशभर में पहचान दिलाई। सिंगर ने कई लोकप्रिय गीतों से दर्शकों का दिल जीता। उनके मशहूर गानों में “सोहरेयां दा पिंड” और “चंडीगढ़ इन रूम” खास तौर पर लोकप्रिय रहे। सिर्फ गायकी ही नहीं, गुरमीत मान कॉमेडी, एक्टिंग और प्रोडक्शन के क्षेत्र में भी काम करते थे।
सोशल मीडिया पर उमड़ा दुख
गुरमीत मान ( Gurmeet Maan Death) के निधन के बाद उनके फैंस और साथ काम कर चुके कलाकारों ने सोशल मीडिया पर भावनात्मक संदेश साझा किए हैं। सभी ने उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और कहा कि उन्होंने पंजाबी संगीत को जो योगदान दिया, वह हमेशा याद किया जाएगा। पंजाबी इंडस्ट्री के लिए यह एक झटका है, जिसने एक और प्रतिभाशाली आवाज़ को हमेशा के लिए खो दिया।
