आमिर खान की फिल्म दंगल 23 दिसंबर 2016 को रिलीज हुई थी। यह फिल्म महावीर सिंह फोगट की बायोग्राफी पर आधारित है, जो एक भारतीय अमेच्योर रेसलर थे और उन्होंने अपनी बेटियों गीता फोगट और बबीता कुमारी को पहलवानी सिखाई। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान एक्टर ने इस बात का खुलासा किया कि ये फिल्म भारत के पड़ोसी देश पाकिस्तान में क्यों नहीं रिलीज हुई। आइए जानते है इसके पीछे का कारण।
आमिर खान ने इंटरव्यू के दौरान बताया कि निर्माताओं ने उनसे कहा था कि पाकिस्तान में रिलीज नहीं करने से उनके फिल्म के बिजनेस पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है, लेकिन वह स्पष्ट थे कि वह ऐसी किसी भी चीज का समर्थन नहीं करना चाहते जो भारत के खिलाफ हो। जब फिल्म रिलीज हुई, तो डिज़्नी इसके निर्माताओं में से एक था।
एक्टर ने नहीं लिया था एक सेकंड का भी वक्त
एक्टर ने बताया कि पाकिस्तान के सेंसर ने उनसे गीता फोगट के मैच जीतने वाले दृश्य से भारतीय ध्वज और भारतीय राष्ट्रगान हटाने के लिए कहा था। उन्होंने कहा कि जब तक ऐसा नहीं किया जाता, वे इस फिल्म को रिलीज नहीं करेंगे। एक सेकंड में ही मैंने उनसे कहा कि हमारी फिल्म पाकिस्तान में रिलीज नहीं होगी। मैं इसके बारे में सोचना भी नहीं चाहता था।
इस फिल्म में नजर आएंगे एक्टर
आमिर खान इस वक्त कई फिल्मों पर काम कर रहे हैं। उनकी पिछली दो फिल्में बुरी तरह पिटी थीं, इसलिए आने वाली फिल्में उनके लिए बहुत जरूरी हैं। एक्टर जल्द ही फिल्म सितारे जमीन पर में नजर आने वाले हैं। वही एक्टर ‘लाहौर 1947’ में भी काम कर रहे हैं। इस फिल्म में सनी देओल लीड रोल में नजर आने वाले हैं। इसे राजकुमार संतोषी डायरेक्ट कर रहे हैं और आमिर खान इसे प्रोड्यूस कर रहे हैं।
