कोरोना काल के बाद बॉक्स ऑफिस का गणित खराब हो गया है। कौन सी फिल्म चल जाएगी और कौन सी फिल्म ढेर हो जाएगी, कुछ कहा नहीं जा सकता। ओटीटी प्लेटफॉर्म की वजह से लोगों को घर में बैठकर फिल्में देखने का चस्का लग चुका है, ऐसे में सिनेमाघरों तक दर्शकों को लाना हर फिल्म के बस की बात नहीं होती है। बॉलीवुड एक्टर अजय देवगन, सिद्धार्थ मल्होत्रा और रकुल प्रीत सिंह की फिल्म थैंक गॉड दिवाली के मौके पर रिलीज हो चुकी है। फिल्म का निर्देशन इंद्र कुमार ने किया है। इस फिल्म में अजय देवगन के अलावा सिद्धार्थ मल्होत्रा और रकुल प्रीत सिंह लीड रोल में नजर आए हैं।
उम्मीद की जा रही थी कि त्यौहार का मौका है और अजय देवगन जैसे सितारे की फिल्म आ रही है तो दर्शक सिनेमाघर पहुंचेंगे और फिर कमाई का रिकॉर्ड बना देगी। हर साल बॉलीवुड की फिल्में दीपावली के दिन रिलीज की जाती हैं जो बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा देती हैं और करोड़ों कमाती हैं। इस बार यही सोचकर थैंक गॉड की रिलीज डेट दिवाली के पास रखी गई। कमाई देखकर साफ जाहिर है कि इस फिल्म को दिवाली और गोवर्धन पूजा की छुट्टी का लाभ नहीं मिल रहा है।
पहले दिन की कमाई की बात करें तो अजय देवगन की फिल्म ‘थैंकगॉड’ ने पहले दिन 8.10 करोड़ रुपये की कमाई की थी। अजय देवगन की इस फिल्म ने पहले दिन अपने बजट के 10 फीसदी से ज्यादा कमाई कर ली लेकिन ओपनिंग कोई रिकॉर्ड बनाने वाली नहीं रही। की है। यह फिल्म करीब 70 करोड़ रुपये में बनकर तैयार हो गई है। दूसरे दिन 'थैंक गॉड' की कमाई में 25 प्रतिशत गिरावट दर्ज की गई है। फिल्म ने दूसरे दिन महज 6 करोड़ रुपये का कारोबार किया है।
ऐसी है अजय देवगन की फिल्म
यह एक मजेदार कॉमेडी फिल्म है। ये कहानी है एक महत्वाकांक्षी बिजनेसमैन अयान कपूर (सिद्धार्थ मल्होत्रा) और अयान की वाइफ रूही कपूर (रकुल प्रीत सिंह) की जोकि पुलिस ऑफिसर है। अयान रियल इस्टेट के बिजनेस में दौलत-शोहरत हासिल करना चाहता है। वह धन-दौलत कमाने में इतना बिजी है कि परिवार को भी टाइम नहीं दे पाता। नोटबंदी होती है तो वह टेंशन में आ जाता है और एक दिन उसका एक्सीडेंट हो जाता है। पांच घंटे तक उसका ऑपरेशन चलता है और सीजी (अजय देवगन) के साथ उसके पाप-पुण्य का लेखा-जोखा का खेल चलता है।
