Ranveer-Janhvi in Tezaab Remake: बॉलीवुड के गलियारों से कुछ वक्त पहले यह खबर सामने आई थी कि निर्माता मुराद खैतानी ने अनिल कपूर और माधुरी दीक्षित की सुपरहिट फिल्म तेजाब के रीमेक राइट्स खरीदे हैं। मुराद खैतानी को लगता है कि तेजाब की कहानी आज के वक्त के लिए भी ठीक है। मुराद खैतानी तेजाब को कार्तिक आर्यन और श्रद्धा कपूर के साथ रीमेक करना चाहते थे, जिसके लिए उन्होंने दोनों कलाकारों से बात भी की थी लेकिन लेटेस्ट अपडेट के मुताबिक निर्माता ने प्लाम में थोड़ा बदलाव किया है।
बॉलीवुड हंगामा की लेटेस्ट रिपोर्ट के अनुसार, मुराद खैतानी ने फिल्म तेजाब को रीमेक करने के लिए कमर कस ली है लेकिन वो अब इसे कार्तिक आर्यन और श्रद्धा कपूर के साथ नहीं बनाएंगे। मुराद खैतानी ने तेजाब को रीमेक करने के लिए रणवीर सिंह और जाह्नवी कपूर से बात की है। मेकर्स ने अभी तक इन खबरों पर पक्की मुहर नहीं लगाई है लेकिन माना जा रहा है कि रणवीर सिंह और जाह्नवी कपूर जल्द ही तेजाब रीमेक को आधिकारिक रूप से साइन कर लेंगे।
मुराद खैतानी ने तेजाब रीमेक के बारे में बात करते हुए कहा है, ‘तेजाब एक आइकॉनिक मूवी है, जिसकी कहानी को आज के परिवेश के मुताबिक पेश किया जा सकता है। जब यह फिल्म रिलीज हुई थी दर्शकों ने इसे खूब प्यार दिया था। अगर तेजाब की कहानी को आज के वक्त के मुताबिक बनाया जाता है तो दर्शक उसे भी खूब प्यार देंगे।’
निर्माता मुराद खैतानी भले ही तेजाब को रीमेक करने का ख्वाब देखते हों लेकिन फिल्म के ओरिजनल डायरेक्टर एन चंद्रा को नहीं लगता है कि तेजाब को रीमेक किया जाना चाहिए। एन चंद्रा के अनुसार, ‘तेजाब एक आइकॉनिक मूवी है और मुझे नहीं लगता है कि इसे रीमेक करना चाहिए। आइकॉनिक फिल्मों को छेड़ना नहीं चाहिए।’
