Sunny Deol Gets One More Big Budget Movie: बॉलीवुड के तारा सिंह यानी सनी देओल ने अपनी फिल्मों से लोगों के दिलों-दिमाग पर कब्जा जमाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। सनी देओल (Sunny Deol) की इस साल 'गदर 2' (Gadar 2) रिलीज हुई थी, जिसने बॉक्स ऑफिस पर छप्परफाड़ कमाई की। इस फिल्म के बाद से ही सनी देओल के पास मूवीज की झड़ी लग गई है। जहां पहले सनी देओल का नाम 'रामायण' के लिए सामने आया था तो वहीं अब उनका नाम पैन इंडिया मूवी के लिए भी सामने आ रहा है।
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, सनी देओल (Sunny Deol) ने 'पुष्पा' के मेकर्स के साथ देशभक्ति फिल्म साइन की है। खबर की मानें तो सनी देओल की यह फिल्म पैन इंडिया होने वाली है। इस बारे में बात करते हुए सनी देओल के करीबी सूत्र ने कहा, "अपने दर्शकों को और बढ़ाने के लिए सनी देओल ने माइथ्री मूवी मेकर्स के साथ प्रोजेक्ट साइन किया है, जिन्होंने 'पुष्पा' बनाई थी। एक्टर को तय करने के बाद अब मेकर्स ने कबीर खान को फिल्म डायरेक्ट करने के लिए चुना है। उन्होंने भी मूवी में रुचि दिखाई है, लेकिन उन्होंने अभी तक प्रोजेक्ट साइन नहीं किया है।"
सनी देओल (Sunny Deol) से जुड़े सूत्र ने आगे बताया कि मूवी देशभक्ति पर आधारित होने वाली है। इस बारे में बात करते हुए सूत्र ने कहा, "ऐसा इसलिए, क्योंकि वे 'गदर 2' की चर्चा और सफलता का फायदा उठाना चाहते हैं। वहीं सनी देओल अपना फैनबेस बढ़ाना चाहते हैं, इसलिए ही उन्होंने पैन इंडिया मूवी साइन की है।" बता दें कि इसके अलावा सनी देओल राजकुमार संतोषी की 'लाहौर 1947' और 'बॉर्डर 2' में भी नजर आने वाले हैं।
