Anurag Singh to direct Border 2: बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल की डिमांड फिल्म गदर 2 की बम्पर सफलता के बाद बढ़ती दिखाई दे रही है। एक वक्त था जब बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री सनी देओल के साथ कम बजट की फिल्में तक बनाने को तैयार न थी, वहीं अब बड़े-बड़े निर्माता सनी पाजी के साथ मेगा बजट फिल्में प्लान कर रहे हैं। सनी देओल की सालों पहले रिलीज हुई फिल्म बॉर्डर के सीक्वल को लेकर इन दिनों खबरें चल रही हैं और बताया जा रहा है कि टी-सीरीज ने इसके लिए डायरेक्टर जेपी दत्ता के साथ हाथ मिलाया है। जेपी दत्ता ने बॉर्डर बनाई थी और वो बॉर्डर 2 की प्लानिंग में लगे हुए हैं।
Border 2 के लिए मिला डायरेक्टर
पिंकविला में छपी ताजा खबर की मानें तो फिल्म बॉर्डर 2 के निर्माताओं ने फैसला लिया है कि वो इसको बनाने की जिम्मेदारी केसरी डायरेक्टर अनुराग सिंह को देंगे। अनुराग सिंह केसरी और पंजाब 1984 जैसे प्रोजेक्ट्स बना चुके हैं, जिन्होंने दर्शकों के साथ-साथ फिल्म क्रिटीक्स को भी प्रभावित किया था। मेकर्स को लगता है कि अनुराग सिंह फिल्म बॉर्डर 2 को अच्छे से बनाएंगे और दर्शकों की पसंद का ख्याल रखेंगे।
Sunny Deol की बॉर्डर 2 में नजर आएंगे आयुष्मान खुराना
फिल्म बॉर्डर 2 में कलाकार आयुष्मान खुराना की एंट्री हो गई है। सूत्र ने जानकारी दी है कि आयुष्मान खुराना को अपना किरदार पसंद आया है और उन्होंने बॉर्डर 2 करने के लिए हामी भर दी है। सनी देओल भी बॉर्डर 2 करने के लिए तैयार हैं लेकिन वो इन दिनों मेकर्स से अपनी फीस को लेकर चर्चा कर रहे हैं। जैसे ही सनी देओल की फीस फाइनल हो जाती है, मेकर्स फिल्म बॉर्डर 2 शुरू कर देंगे।
